कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रहीं मुख्य अतिथि, आईजी अजय कुमार यादव ने की अध्यक्षता
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में हुआ भव्य आयोजन
अतिथियों ने सेल्फी लेकर आमजन से साइबर अवेयरनेस फैलाने का किया आह्वान
(यतेन्द्र जीत सिंह ‘छोटू’, ब्यूरो चीफ, खैरागढ़)
खैरागढ़: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों में सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित ऑडिटोरियम में भव्य ‘साइबर जागृति अभियान’ का आयोजन किया गया। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 2,000 छात्र-छात्राओं, युवाओं, गणमान्य नागरिकों व जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव की सबसे बड़ी ढाल: लक्ष्मी राजवाड़े
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में जितनी तेजी से सुविधाएं बढ़ी हैं, उतनी ही सावधानी की भी आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहें और समाज में भी इसका संदेश फैलाएं। उन्होंने साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और वित्तीय ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों व दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।
अपराधों का स्वरूप बदला, डिजिटल अनुशासन जरूरी: आईजी अजय कुमार यादव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार यादव (भा.पु.से.) ने कहा कि वर्तमान दौर में अपराधों की प्रकृति पारंपरिक से बदलकर हाईटेक साइबर अपराधों की ओर तेजी से बढ़ रही है। नए दौर की इन चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत साइबर सुरक्षा समझ और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि हर वर्ग को साइबर अपराधियों के पैंतरे और उनसे बचाव के तरीकों से अवगत कराया जा सके।
सेल्फी के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल व मैसेज से सतर्क रहने, लॉटरी व जॉब ऑफर के झांसे में न आने तथा ओटीपी, पिन, पासवर्ड व बैंक संबंधी गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने मंच से उपस्थित छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी लेकर डिजिटल माध्यमों पर साइबर अवेयरनेस फैलाने की अनूठी अपील की।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, डीएफओ संजय यादव, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अमला, प्राध्यापक और नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
अनजान लिंक, अनजान वीडियो कॉल व लॉटरी/इनाम के झांसे वाले संदेशों से पूरी तरह सावधान रहें।
बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, यूपीआई पिन (UPI PIN), पासवर्ड या ओटीपी (OTP) किसी भी व्यक्ति से साझा न करें।
सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग्स का ध्यान रखें और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें।
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देर किए तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



