० ढारा-घोटिया मार्ग पर देर रात राहगीरों को दिखा तेंदुआ, मोबाइल में कैद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
० वनांचल क्षेत्र में खौफ का साया, ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा प्रबंधों की मांग की
डोंगरगढ़ (दावा)। वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोटिया शीट और आसपास के गांवों में तेंदुए की लगातार आमद से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। गुरुवार की देर रात ग्राम ढारा से घोटिया जाने वाले मार्ग पर सडक़ किनारे राहगीरों को तेंदुआ विचरण करते दिखाई दिया। इस दौरान राहगीरों ने वाहन के भीतर से ही तेंदुए की गतिविधियों का वीडियो मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इलाके में तेंदुए की सक्रियता पिछले कई दिनों से बनी हुई है। बताया जा रहा है कि आदमखोर रुख अपना रहे तेंदुए ने घरों की बाडय़िों में घुसकर अब तक तीन कुत्तों और एक किसान की गाय को अपना निवाला बना लिया है। मवेशियों पर लगातार हो रहे हमलों के बाद अब मुख्य मार्ग पर तेंदुए की प्रत्यक्ष मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। विशेष रूप से शाम ढलने के बाद ढारा-घोटिया मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों, किसानों और मजदूरों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर गहरा भय व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि प्रभावित वनांचल क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए। पिंजरा लगाकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया जाए तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुख्ता उपाय सुनिश्चित किए जाएं।



