Home छत्तीसगढ़ स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम दूर : सटीक बिलिंग के साथ उपभोक्ता...

स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम दूर : सटीक बिलिंग के साथ उपभोक्ता खुद रख सकेंगे खपत पर नजर…

2
0

उपभोक्ताओं को मिलेंगे सटीक बिलिंग और बचत के विकल्प

राजनांदगांव (दावा)। छग स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड राजनांदगांव क्षेत्र ने स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों और असमंजस को दूर करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरी तरह से केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रही है। मंत्रालय ने हाल ही में सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देशित किया है कि नेटवर्क उपलब्धता वाले क्षेत्रों में सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के परिसरों में भारतीय मानकों के अनुरूप स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य में तेजी लाई जाए।
विद्युत विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने से मानवीय त्रुटि की गुंजाइश खत्म होगी और उपभोक्ताओं को सटीक व पारदर्शी बिलिंग प्राप्त होगी। उपभोक्ता अपनी दैनिक खपत पर मोबाइल या ऑनलाइन निगरानी रख सकेंगे। इसके अलावा भविष्य में लागू होने वाली ‘टाइम ऑफ डे’ दर प्रणाली के तहत उपभोक्ता पीक आवर्स (अधिक दर वाले समय) में खपत नियंत्रित कर तथा सामान्य घंटों में उपयोग बढ़ाकर बिजली बिल में कमी ला सकेंगे। वितरण कंपनी को भी लाइन लॉस नियंत्रित करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। राजनांदगांव विद्युत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चार जिलों में कुल 5,39,528 कनेक्शनों में से अब तक 4,65,221 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। जिसमें राजनांदगांव में 2,09,103 मीटर, कबीरधाम में 1,17,302 मीटर, खैरागढ़-छुईखदान, गंडई में 81,828 मीटर एवं मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी में 56,988 मीटर सक्रिय है।

अफवाहों से बचें, अधिकृत सूचना पर ही करें भरोसा
सीएसपीडीसीएल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया अथवा अपुष्ट स्रोतों से फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। स्मार्ट मीटर से जुड़ी किसी भी तकनीकी शंका या जानकारी के लिए केवल विद्युत विभाग के अधिकृत कार्यालयों, अधिकारियों अथवा आधिकारिक संचार माध्यमों से ही संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here