प्रदेश के 14 नगर निगमों में राजनांदगांव 7वें स्थाaन पर, शीर्ष पर आने का निर्देश
राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम सभागार में राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने वार्डवार वसूली की गहन समीक्षा की और बेहतर प्रदर्शन करने वाले राजस्व प्रभारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही सभी प्रभारियों को प्रतिमाह कम से कम 5 लाख रुपये राजस्व वसूली का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया। समीक्षा के दौरान महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि विगत दो महीनों में आयुक्त और राजस्व अधिकारियों के साझा प्रयासों से वसूली में सकारात्मक सुधार दिखा है। हालांकि, कुछ कर्मचारियों की वसूली अब भी अपेक्षा से काफी कम है। उन्होंने हिदायत दी कि जो कर्मचारी अपने वेतन के बराबर भी राजस्व जमा नहीं करवा पा रहे हैं। वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले साथियों से प्रेरणा लें। महापौर ने निर्देश दिया कि राजस्व अमला प्रतिदिन करदाताओं के घर-घर पहुंचे और बड़े बकायादारों को किश्तों में कर जमा करने की समझाइश दे। आगामी एक माह में सभी के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर पुन: समीक्षा की जाएगी।
नांदगांव 7वें स्थान पर, लक्ष्य नंबर-1 बनने का : आयुक्त
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि राज्य शासन की हालिया समीक्षा में प्रदेश के 14 नगर निगमों के बीच राजनांदगांव वसूली के मामले में 7वें स्थान पर रहा है। डिमांड नोटिस के आधार पर किए गए प्रयासों से रैंकिंग सुधरी है, लेकिन लक्ष्य पहले स्थान पर आने का होना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे करदाताओं को समय पर भुगतान न करने पर लगने वाले अधिभार और दंड की जानकारी दें तथा वसूली अभियान में स्थानीय पार्षदों का भी सहयोग लें। वहीं राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने कर्मचारियों को अवकाश के दिनों में भी 2 से 4 घंटे क्षेत्र में सक्रिय रहने तथा डिजिटल और चेक भुगतान को प्रोत्साहित करने को कहा।
उत्कृष्ट वसूली पर ये प्रभारी हुए पुरस्कृत
सितंबर माह के शुरुआती 10 दिनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रभारियों को महापौर और आयुक्त द्वारा मंच पर पुरस्कृत किया गया। इनमें 8 लाख रुपये से अधिक की वसूली करने वाले मिथिलेश ठाकुर, 7 लाख रुपये से अधिक वसूलने वाले समयलाल मंडावी तथा 4 लाख रुपये से अधिक की वसूली करने वाले उमेश देवांगन शामिल रहे। बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित समस्त राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।



