राजनांदगांव (दावा)। आगामी श्री गणेश चतुर्थी महापर्व के दृष्टिगत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री सुनील सेन ने समस्त सनातनी हिंदू समाज और गणेश उत्सव समितियों से इस पावन पर्व को धार्मिक आस्था, उच्च संस्कारों तथा सनातन मर्यादा के अनुरूप मनाने का विनम्र आह्वान किया है।
सुनील सेन ने कहा कि भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाएं पूर्णत: पारंपरिक, सात्विक एवं शास्त्रसम्मत स्वरूप में ही स्थापित की जानी चाहिए। किसी भी प्रकार के गैर-पारंपरिक, हास्यास्पद अथवा आपत्तिजनक स्वरूप को कतई स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने समितियों से आग्रह किया कि सभी पंडालों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों (स्पीकर व डीजे) पर केवल भगवान गणेश एवं अन्य देवी-देवताओं के पारंपरिक भजन, स्तुति, आरती तथा देशभक्ति के प्रेरणादायी गीत ही बजाए जाएं। धार्मिक आयोजन की गरिमा के प्रतिकूल अश्लील, फूहड़ और कर्कश फिल्मी गानों के प्रसारण पर पूरी तरह रोक रहनी चाहिए।
भाजयुमो जिला मंत्री ने समितियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन पितृ पक्ष (श्राद्ध पक्ष) प्रारंभ होने से पहले ही विधिवत पूर्ण कर लिया जाए, जिससे आगामी पितृ पक्ष की वैदिक व कुल परंपराओं का निर्बाध पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पंडाल में धार्मिक मर्यादाओं की अवहेलना करते हुए फूहड़ गीत बजाए जाते हैं अथवा शासन-प्रशासन एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।



