Home छत्तीसगढ़ भाजपा राज से न जनता खुश, न कार्यकर्ता, हिम्मत है तो बैलेट...

भाजपा राज से न जनता खुश, न कार्यकर्ता, हिम्मत है तो बैलेट पेपर से कराएं चुनाव : भागवत साहू

9
0

पूर्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बोले – सत्ता की आड़ में निजी हित साध रहे भाजपा नेता

राजनांदगांव (दावा)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता भागवत साहू ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के शासनकाल से आम जनता ही नहीं, बल्कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता भी भारी असंतोष और निराशा के दौर से गुजर रहे हैं।

साहू ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि सत्ताधारी दल को लोकतंत्र और जनता के विश्वास पर पूरा भरोसा है, तो आने वाले चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराने की सहमति दें। श्री साहू ने कहा कि विपक्ष में रहकर भी कई नेता खुलकर बोलने से कतराते हैं, लेकिन वे जनहित के मुद्दों पर सदैव मुखर रहेंगे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रणाली का पारदर्शी और संदेह से परे होना अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता केवल अपने निजी हित साधने में जुट गए हैं। जबकि किसान, व्यापारी और आम नागरिक बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का बजट बिगड़ गया है। शासन को तत्काल इस व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कर पीडि़तों को राहत देनी चाहिए। इसके अलावा साहू ने प्रदेश में भू-माफियाओं के बढ़ते हौसलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आम जनता की जमीनों और संपत्तियों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। राजनीतिक संरक्षण के आरोपों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने दो टूक कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और सत्ता के नशे में जनता की आवाज दबाने वाली भाजपा को आगामी चुनाव में इसका हिसाब देना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here