रानीसागर, बूढ़ा सागर और मां शीतला मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव, बोट से आतिशबाजी ने बांधा समां
मुख्य वक्ता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बोले- मोदी जी के नेतृत्व में देश में आया सकारात्मक बदलाव
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव सहित गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
राजनांदगांव (दावा)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर संस्कारधानी राजनांदगांव में सेवा, श्रद्धा, उत्साह और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक रानी सागर, बूढ़ा सागर, चौपाटी और सनातन आस्था के केंद्र मां शीतला मंदिर परिसर में एक लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की स्वर्णिम आभा से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा और शहर ने एक भव्य दीपोत्सव का रूप ले लिया।

रानी सागर में बोट के माध्यम से की गई भव्य आतिशबाजी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। जल में झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब और आसमान में बिखरती रंग-बिरंगी रोशनी का नैयनाभिराम दृश्य देखने के लिए शहरवासियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

मोदी जी के नेतृत्व में विश्व में बढ़ा भारत का मान – धरमलाल कौशिक
मां शीतला मंदिर के समीप आयोजित मुख्य समारोह में वक्ता के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने आयोजन की सफलता पर शासन-प्रशासन व नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज देश में जो सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व का परिणाम है। विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा नई ऊंचाइयों पर पहुंची है। 2014 से पूर्व व्याप्त निराशा के वातावरण को समाप्त कर उन्होंने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण की मजबूत नींव रखी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शुभकामना संदेश भी प्रसारित हुआ।
पद्मश्री विभूतियों ने साझा किए विचार
समारोह में पद्मश्री फूलबासन यादव ने कहा कि पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को ध्येय बनाकर वे महिला स्वावलंबन और सम्मान की दिशा में कार्य कर रही हैं। वहीं पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने कहा कि देश को कोहिनूर जैसा नेतृत्व मिला है। स्वच्छता अभियान और वैश्विक मंचों पर भारत की सफलता का श्रेय मोदी जी को जाता है। उन्होंने मां शीतला से उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
सेवा और अंत्योदय का संकल्प – अभिषेक सिंह
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और अंत्योदय के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को साकार करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है। ये दीप समर्पण और सेवा भाव के प्रतीक हैं।
ऐतिहासिक रहा आयोजन – महापौर मधुसूदन यादव
महापौर व जिला संयोजक मधुसूदन यादव ने कहा कि शहर की ऐतिहासिक धरोहरों और आस्था केंद्रों पर एक लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन ऐतिहासिक क्षण है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इसे जनउत्सव बना दिया। वहीं आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के प्रभारी सचिन बघेल ने कहा कि एक लाख दीप इस बात के प्रतीक हैं कि विकास का प्रकाश अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।
अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत तक पहुंचा विकास का प्रकाश – कोमल सिंह राजपूत
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आधार बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे पर विशेष जोर दिया है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जनधन, स्वच्छता, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
आशीर्वाद का दिया के प्रभारी सीसीबी के अध्यक्ष सचिन बघेल ने कार्यक्रम की सफलता से उत्साहित होते हुए बताया कि आज राजनांदगांव में जलाए गए एक लाख से अधिक दीप इस भावना के प्रतीक बने कि जब विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, तभी राष्ट्र की प्रगति सार्थक होती है।
दीपों से जगमगाते रानी सागर और बूढ़ा सागर, मां शीतला मंदिर की आस्था और बोट से हुई भव्य आतिशबाजी ने राजनांदगांव की शाम को यादगार बना दिया। शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, श्रद्धा और जनभागीदारी के उत्सव में परिवर्तित कर दिया।
ये रहे उपस्थित
इस भव्य दीपोत्सव में वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पर्यटन मंडल से नीलू शर्मा, राजगामी संपदा अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, राजेंद्र गोलछा, रमेश पटेल, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, सावन वर्मा, अमर लालवानी, गोलू गुप्ता, सुमित भाटिया, पार्षद शैंकी बग्गा, किशुन यदु, प्रखर श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शरद श्रीवास्तव ने किया एवं आभार प्रदर्शन नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम द्वारा किया गया।



