Home छत्तीसगढ़ हाल-ए-खास : अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय राजनांदगांव में अव्यवस्थाओं का आलम…

हाल-ए-खास : अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय राजनांदगांव में अव्यवस्थाओं का आलम…

13
0

तीन जिलों का भार, लेकिन सुविधाएं नदारद, दूर-दराज से पहुंचे आमजन हो रहे परेशान

राजनांदगांव (दावा)। जिले का अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय इन दिनों भीषण अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ चुका है। राजनांदगांव जिले के साथ-साथ नवगठित खैरागढ़-छुईखदान, गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वाहन मालिक व आम नागरिक भी नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस और नामांतरण जैसे जरूरी कार्यों के लिए इसी दफ्तर पर निर्भर हैं। तीन जिलों का भार संभाल रहे इस महत्वपूर्ण कार्यालय का पूरा परिसर खुद बदहाली के आंसू रो रहा है। कार्यालय परिसर में प्रवेश करते ही अव्यवस्थाएं साफ नजर आती हैं। पीछे बने पार्किंग स्थल पर टूटी-फूटी कुर्सियां बेतरतीब पड़ी हैं और चारों ओर गोबर व गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बरामदे में रखी कुर्सियां भी अपनी दुर्दशा खुद बयां कर रही हैं। कार्यालय के बाहर लगा वाटर कूलर लंबे समय से बंद पड़ा है। जिससे उमस भरी गर्मी में दूर-दराज से आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है।

महिलाओं के लिए स्थिति बदतर,
शौचालय से उठ रही दुर्गंध
दफ्तर में आने वाले आगंतुकों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। परिसर स्थित शौचालय की नियमित सफाई न होने के कारण वहां से उठती तेज दुर्गंध ने पूरे माहौल को असहनीय बना दिया है। स्वच्छता के दावों के बीच इस बुनियादी सुविधा का यह हाल प्रशासनिक उपेक्षा को उजागर करता है।

सीसीटीवी कैमरे बंद, समय से पहले खाली हो रहे चैंबर
परिवहन कार्यालय के मुख्य हॉल में निगरानी के लिए लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह बंद पड़े हैं। कैमरे कब से और क्यों बंद हैं, इस पर पक्ष जानने के लिए अधिकारी उपलब्ध नहीं थे।
शुक्रवार 11 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे ही संबंधित अधिकारी अपने कार्यालय का चैंबर छोडकऱ जा चुके थे। तीन जिलों की जनता बड़ी उम्मीदों के साथ लंबी दूरी तय कर अपने जरूरी काम कराने राजनांदगांव पहुंचती है, लेकिन कार्यालय में पसरी अव्यवस्थाओं, बुनियादी सुविधाओं के अभाव और अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें बैरंग या परेशान होकर लौटना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here