मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर उठाए सवाल, पूछे 43 तीखे सवाल
संयुक्त पत्रकारवार्ता में शहर व ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने केंद्र की नीतियों पर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ की जनता से किए चुनावी वादों को लेकर भी मांगा हिसाब
राजनांदगांव (दावा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विफलताओं, वादाखिलाफी, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता का दौर करार देते हुए तीखा राजनीतिक हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को प्रेस क्लब भवन में शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की संयुक्त पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने संबोधित किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक तरफ भाजपा इस दिन को सेवा संकल्प के रूप में मना रही है, वहीं दूसरी ओर देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से त्रस्त है। इसी कारण कांग्रेस ने इस दिन को ‘बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान धोखा दिवस’ के रूप में दर्ज किया है।
वादे और दावों का मांगा हिसाब: मुदलियार
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता में आने से पूर्व प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, महंगाई घटाने, किसानों की आय दोगुनी करने और आम जनता के जीवन स्तर को सुधारने का भरोसा दिलाया था। 12 वर्षों के बाद आज जनता इन वादों की प्रगति का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से कालाधन और आतंकवाद खत्म करने के दावों की जमीनी हकीकत सामने आ चुकी है। वहीं जटिल जीएसटी प्रणाली ने छोटे और मध्यम व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।
छत्तीसगढ़ से किए वादों पर घेरा: विपिन यादव
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने ’मोदी की गारंटी’ के तहत प्रदेश की जनता से किए गए वादों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, जिसकी वास्तविक स्थिति आज तक स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का एकमुश्त भुगतान करने तथा प्रत्येक गांव में नगद भुगतान केंद्र खोलने की घोषणाओं पर भी सरकार ने पूरी तरह अमल नहीं किया।
जारी किए 43 सवालों के दस्तावेज
पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कामकाज को लेकर 43 सवालों का एक दस्तावेज जारी किया। इनमें मुख्य रूप से रोजगार, महंगाई, कृषि संकट, स्मार्ट सिटी मिशन, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विदेशों से कालाधन वापसी और सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। नेताओं ने दो टूक कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े इन बुनियादी सवालों को लेकर लगातार मुखर रहेगी।
इस संयुक्त पत्रकारवार्ता में प्रमुख रूप से पदम कोठारी, भागवत साहू, रमेश डाकलिया, कुतबुद्दीन सोलंकी, अशोक पंजवानी, पंकज बांधव, अशोक फडनवीस, प्रवक्ता अनीस खान, लक्ष्मण साहू और केदार यादव सहित बड़ी संख्या में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।



