कोरोना संदिग्ध होने की आशंका
राजनांदगांव(दावा)। मेडिकल कालेज अस्पताल में आज सुबह भर्ती किये गये सेठी नगर निवासी एक जवान व्यक्ति की मौत हो जाने से मुहल्ले में शोक की लहर फैल गई है। वही कोरोना संक्रमित होने की आशंका के चलते दहशत का वातावरण भी बना हुआ है।
ज्ञात हो कि शहर में शंकरपुर, मोतीपुर, सिविल लाइन, बीएनसी मिल चाल सहित शहर के भीतर सदर बाजार में कोरोना से संबंधित केस पाये जाने से लोगों में भय और दहशत का वातावरण निर्मित है। आज जिला अस्पताल में हुई सेठी नगर के जवान व्यक्ति की मौत को भी कोरोना संदिग्ध होने की नजरों से देखा जा रहा है। इससे सेठी नगर सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे को इस बारे में जानकारी मिलते ही वार्ड में ऐहतियातन दवाई का छिडक़ाव कराया जा रहा है। पूरे वार्ड को सैनिटाइज किया जा रहा है। इधर सेठी नगर वार्ड से जुड़े वार्ड नं. 31 के पार्षद गप्पू सोनकर के भी कान खड़े हो गये हैं और उनके द्वारा भी लोगों की सुरक्षा के लिए वार्ड में दवाई के छिडक़ाव की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सेठी नगर निवासी उक्त व्यक्ति को आज सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे सर्दी खांसी बुखार सहित सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी, जो कि कोरोना के लक्षण को प्रकट करता है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो जाने के उपरांत उसे कोरोना संक्रमित होने की आशंका के चलते मेडिकल टेस्ट कराया गया व जांच हेतु सेम्पल एम्स भेज दिया गया है। मेडिकल कालेज अस्पताल अधीक्षक की माने तो जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती शव को परिवार वालों को सौंपा नहीं जा सकता। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम में किये जाने हेतु मच्र्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। बताया जाता है कि यदि रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आ जाती है तो ठीक है, पीएम के पश्चात शव को परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा। दुर्भाग्य से यदि पाजिटिव निकल गया तो सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी दिक्कत हो सकती है। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि रिपोर्ट निगेटिव ही निकले। बहरहाल सेठी नगर मुहल्ले में उक्त युवक की मौत से शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल बना हुआ है। गंज लाइन के एक अनाज दुकान में काम करने वाले उक्त विवाहित व्यक्ति की मौत के पश्चात वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे सक्रिय हो गया है तथा नगर निगम से सैनिटाईजर मशीन लाकर पूरे मुहल्ले भर में दवाई का छिडक़ाव करने में जुट गया।
सूत्रों का कहना है कि सर्दी खांसी बुखार व सांस लेने में हो रही तकलीफ के चलते उस व्यक्ति को उसके परिजन सीधे पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज ले गये थे। चूंकि वहां इन सामान्य सर्दी, खासी, बुखार का इलाज नहीं होता इसलिए मरीज को सीधे मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड से रखा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है।
सर्दी, खासी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ के चलते हुई मौत से कोरोना संक्रमण की आशंका है। जांच रिपोर्ट आने तक शव को मरच्युरी में रखवा दिया गया है। उसकी पीएम करवाई जाएगी। मेडिकल रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। – डॉ. प्रदीप बैक अधीक्षक, मेडिकल कालेज अस्पताल


