खैरागढ़ (दावा)। नगर के प्रेम कुमार सरस्वती शिशु मंदिर के पास और राजफेमली वार्ड में एक किराना दुकान के पास दो पक्षियों की संदिग्ध मौत की सोशल मीडिया में जानकारी वायरल होने से लोगों में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर दहशत का माहौल है. जानकारी अनुसार दो दिन पहले एक काले रंग के पक्षी की मौत का मामला सोशल मीडिया में उजागर हुआ, बाद में जानकारी आयी कि वह प्रेम कुमार सरस्वती शिशु मंदिर के पास एक मकान के छत पर मृत मिला पक्षी है लेकिन वह कौआ नहीं है. काले रंग का पक्षी है वहीं दूसरी ओर सोमवार को राजफेमली वार्ड में एक किराना दुकान के पास पक्षी तड़पता हुआ मृत मिला.
दोनों पक्षियों की मौत का मामला हाल के दिनों में बर्ड फ्लू की बीमारी के चलते सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मामला पत्रकारों तक पहुंचा जिसकी पुष्टि की गई तो पता चला कि पक्षियों की मौत के बारे में पशु चिकित्सा विभाग और अन्य प्रशासनिक अमले को इसकी कोई जानकारी नहीं है. मामले को लेकर पशु चिकित्सालय में पदस्थ डॉ.राजीव शर्मा ने बताया कि विभाग को पक्षियों की मौत की कोई अधिकारिक सूचना नहीं है, अगर ऐसी घटना सामने आये तो इसकी सूचना विभाग को दी जाये. गौरतलब है कि पखवाड़े भर से बर्ड फ्लू की बीमारी के खबरों के बीच लोगों में पक्षियों की मौत को लेकर दहशत देखने को मिल रही है.



