राजनांदगांव / टेड़ेसरा: विकासखंड राजनांदगांव के अंतर्गत आने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवादा की कर्तव्यनिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अर्चना शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नवाचार और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित प्रयासों हेतु ‘शिक्षक प्रतिभा सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है।
विगत दिनों बिलासपुर के पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में ‘शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़’ द्वारा सदस्यता एवं शपथ ग्रहण सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया था। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिक्षिका अर्चना शर्मा द्वारा शिक्षकीय कार्य में किए गए उत्कृष्ट नवाचारों और बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की भरपूर सराहना की और उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
शाला परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल
राजनांदगांव विकासखंड के देवादा शाला में कार्यरत श्रीमती अर्चना शर्मा लगातार गुणवत्तापूर्ण, नवाचारी शिक्षा और बाल विकास के लिए प्रयासरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल शाला परिवार बल्कि पूरे अंचल में खुशी का माहौल है। इस सम्मान के प्राप्ति पर शिक्षिका अर्चना शर्मा ने आयोजक समिति ‘शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़’ के प्रति आभार व्यक्त किया है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षा प्रेमियों और शाला परिवार ने उनके उज्जवल भविष्य की निरंतर कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाइयां दी हैं।




