Home Uncategorized दिल्ली की महारैली में पहुंचे नरेश डाकलिया और संतोष पिल्ले…

दिल्ली की महारैली में पहुंचे नरेश डाकलिया और संतोष पिल्ले…

7

० लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए रामलीला मैदान में कांग्रेस ने भरी हुंकार
० खडग़े और राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर से जुटे दिग्गज नेता व कार्यकर्ता

राजनांदगांव (दावा)। लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विशाल राष्ट्रीय महारैली में राजनांदगांव जिले से वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। रविवार को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में राजनांदगांव के पूर्व महापौर नरेश डाकलिया एवं नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले विशेष रूप से शामिल हुए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस महारैली में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए पार्टी के शीर्ष नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और निष्पक्ष चुनाव पर जोर
राजनांदगांव से पहुंचे पूर्व महापौर नरेश डाकलिया और नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कदम से कदम मिलाते हुए अभियान के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की। महारैली के मंच से नेताओं ने देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने की पुरजोर मांग उठाई। नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसी भी जीवंत लोकतंत्र की नींव निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा पर टिकी होती है। जब तक हर मतदाता का अधिकार सुरक्षित नहीं होगा। तब तक लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत नहीं रह सकती।

सडक़ से संसद तक संघर्ष का दोहराया संकल्प
रामलीला मैदान में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संविधान की मूल भावना को अक्षुण्ण रखने और सत्ता के कथित अधिनायकवाद के खिलाफ एकजुट होकर जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। राजनांदगांव से नरेश डाकलिया और संतोष पिल्ले की सहभागिता को जिले के राजनीतिक हलकों में कांग्रेस की सक्रिय और मुखर भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है। दोनों नेताओं ने कहा कि देश के संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक संघर्ष करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here