० प्रांतीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधिवत संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया, मिला नियुक्ति प्रमाण पत्र
० 3 प्रतिशत डीए सहित लंबित मांगों पर सरकार ने नहीं लिया निर्णय तो होगा आंदोलन : राजेश चटर्जी
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला इकाई राजनांदगांव के जिला संयोजक का चुनाव रविवार को भारत स्काउट-गाइड जिला कार्यालय भवन (स्टेट स्कूल के समीप) में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रांतीय निकाय की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा एवं विजय लहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। पर्यवेक्षकों द्वारा विधिवत निर्वाचन प्रक्रिया का पालन करते हुए जिला संयोजक पद हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए। बैठक में मौजूद 33 मान्यता प्राप्त कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के जिलाध्यक्षों ने पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए सर्वसम्मति से सतीश ब्यौहरे (जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा) को पुन: निर्विरोध जिला संयोजक चुना। सर्वसम्मति बनने के बाद प्रांतीय पर्यवेक्षकों ने श्री ब्यौहरे को अधिकृत नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपा।
अधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट रहेगा फेडरेशन : ब्यौहरे
लगातार दूसरी बार जिला संयोजक का दायित्व मिलने पर सतीश ब्यौहरे ने सभी 33 संगठनों के जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व कमल वर्मा सहित पर्यवेक्षक राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा व विजय लहरे के मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्री ब्यौहरे ने विश्वास दिलाया कि वे कर्मचारियों व अधिकारियों की समस्याओं, लंबित मांगों के निराकरण और उनके सेवा अधिकारों के संरक्षण के लिए सदैव तत्पर व एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
निर्वाचन से पूर्व प्रांतीय पर्यवेक्षक राजेश चटर्जी ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों के 3 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते (डीए) तथा अन्य जायज मांगों को लेकर फेडरेशन एकजुट होकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखेगा। उन्होंने दो-टूक चेतावनी दी कि यदि शासन ने कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया, तो फेडरेशन बाध्य होकर व्यापक आंदोलन का बिगुल फूंकेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कार्यक्रम को मनीष मिश्रा एवं विजय लहरे ने भी संबोधित किया। इस चुनावी सभा में प्रमुख रूप से डॉ. के. एल. टांडेकर, संतोष चौहान, संजय सिंह, संजय तिवारी, वीरेंद्र रंगारी, पुष्पेंद्र साहू, उत्तम डड़सेना, कौशल शर्मा, दिलीप बारले, महेश्वर प्रसाद साहू, अरुण देवांगन, बृजभान सिन्हा, परदेसी राम साहू, हरिश्चंद्र यादव, जी. आर. देवांगन, एन. एल. देवांगन, बहोरन सिंह पाल, चंदन, राजेश साहू, निलेश रामटेक, डैनी राम वर्मा, सुदेश यादव, सी. एल. चंद्रवंशी, पंचारी, प्रशांत सुखदेवे, भूपेंद्र गणवीर, रमेश कुमार साहू, संतोष देवांगन, विनोद टांडेकर, संतोष देशमुख, उपेंद्र रामटेके, महेश साहू, एस. के. ओझा, क्रांति साहू, भीषम ठाकुर, डी. एल. चौधरी, डुमन लाल साहू, मनीष साहू, सुदेश टेम्भुरकर, कृत लाल साहू, दीपक वैष्णव, माधो सिंह सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष पी.आर. झाड़े ने किया।




