० कक्षा 5वीं के मेधावी छात्र ने तार्किक प्रतिभा से निर्णायकों को किया प्रभावित
० गणित के कठिन और जटिल सवालों को बेहद कम समय में किया हल
राजनांदगांव (दावा)। शहर के मेधावी छात्र सूर्यांश जैन ने अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित ओपन मैथ चैलेंज में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया है। कक्षा 5वीं में अध्ययनरत सूर्यांश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों सहित पूरे नगर में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान सूर्यांश ने अपनी उम्र और कक्षा के स्तर से कहीं आगे की गणितीय पहेलियों व जटिल तार्किक प्रश्नों को बहुत कम समय में सटीकता के साथ हल किया। उनकी त्वरित गणना, गहरी समझ और तार्किक दृष्टिकोण ने प्रतियोगिता के निर्णायकों को भी खासा प्रभावित किया। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय/ओपन स्तर की प्रतिस्पर्धा में रजत पदक हासिल करना उनकी लगन और विलक्षण गणितीय प्रतिभा को दर्शाता है।
सूर्यांश की इस उपलब्धि का श्रेय उनके विद्यालय ‘नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल’ (बलदेव बाग) के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन को जाता है। उनके पिता सूरज जैन एवं माता श्रीमती शालू जैन ने बताया कि सूर्यांश को बचपन से ही संख्याओं, अंकों और गणितीय पहेलियों से विशेष लगाव रहा है। परिवार और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन ने उसकी इस रुचि को तराशने का काम किया। सूर्यांश की इस गौरवपूर्ण सफलता पर उनके दादा-दादी जितेंद्र जैन व श्रीमती गंगा जैन, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। सूर्यांश की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। जो यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, अभ्यास और लगन हो तो छोटी उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।




