इंदामारा/राजनांदगांव। स्थानीय अज़ीज़ पब्लिक स्कूल, इंदामारा में विद्यार्थियों के मनोरंजन, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान के विकास के उद्देश्य से भव्य ‘ओपन चौपाटी’ फनफेयर का आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती तनाज़ अज़ीज़ ने फीता काटकर किया।
फनफेयर में बच्चों के आनंद के लिए तरह-तरह के झूले व मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। ‘ओपन चौपाटी’ के तहत विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जिसका संचालन विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर किया। बच्चों ने स्वयं व्यंजन तैयार करने और उनकी बिक्री का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल किया। इस नवाचारी पहल से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ टीमवर्क, वित्तीय प्रबंधन, संवाद कला और व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
आयोजन के दौरान पर्यावरण और स्वच्छता के नियमों का कड़ाई से पालन किया गया। प्लास्टिक के उपयोग को सीमित रखते हुए परिसर में जगह-जगह कचरा पात्र (डस्टबिन) रखे गए थे। खाद्य सामग्री तैयार करने और परोसने के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों का पूरा ध्यान रखा गया।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन पाल सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस सफल आयोजन पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती तनाज़ अज़ीज़ एवं मेंटर श्रीमती फरज़ाना दानिश ने प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने पूरी टीम के समर्पण व मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक व ज्ञानवर्धक गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।




