रायपुर। अगले महीने एक जून से होने वाली हालमार्किंग की अनिवार्यता स्थगित करने को लेकर सांसद सुनील सोनी व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री पीयूष गोयल से चर्चा करेंगे। रायपुर सराफा एसोसिएशन ने इस मुद्दे को उठाया है कि कोरोना काल को देखते हुए अभी गहनों की हालमार्किंग को स्थगित कर देना चाहिए। अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि अभी कोरोना काल में जब पूरा व्यापार जगत की रफ्तार सुस्त हो गई है। ऐसे समय में आभूषणों पर हालमार्किंग को अनिवार्य करना सही नहीं है। मालू ने इसे लेकर सांसद सुनील सोनी व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से भी बातचीत की। सराफा कारोबारियों का कहना है कि हालमार्किंग की अनिवार्यता को स्थगति करने के साथ ही सभी जिलों में हालमार्किंग सेंटर खोले जाने चाहिए। इस संबंध में केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री को भी पत्र लिखा गया है। मालू ने कहा कि अभी कोरोना को देखते हुए हालमार्किंग की अनिवार्यता स्थगित करना जरूरी है। कारोबार पूरी तरह से सुस्त पड़ा हुआ है। दूसरी ओर 20 कैरेट की गोल्ड ज्वेलरी को हालमार्किंग की मान्यता मिलनी चाहिए। रायपुर सराफा के अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि बाजार में 20 कैरेट के आभूषणों की जबरदस्त मांग है और उपभोक्ताओं द्वारा इसे काफी पसंद भी किया जाता है। 20 कैरेट की ज्वेलरी में मजबूत होने के साथ ही बजट में भी होते हैं। इस कारण 20 कैरेट की ज्वेलरी को हालमार्किंग की मान्यता मिलनी चाहिए। आम उपभोक्ताओं द्वारा 20 कैरेट की ज्वेलरी काफी पसंद की जाती है। उन्होंने बताया कि इसके लिए पहले प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा जा चुका है। इससे आम उपभोक्ताओं को काफी फायदा होगा।



