गंडई: जिले के थाना गंडई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की नीयत से एक सूने मकान में घुसे शातिर चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मोहल्ले का ही निवासी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 12 सितंबर 2026 की रात कोपेभाठा गोंडवाना मैदान में पटपर वाले का झांकी कार्यक्रम चल रहा था। प्रार्थिया अपने तीन बच्चों के साथ रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर झांकी देखने गई हुई थी। इसी दौरान तेज बारिश होने के कारण जब वह रात करीब 11:30 बजे वापस लौटी, तो घर के बाहर का सांकल व ताला टूटा हुआ मिला और अंदर से दरवाजा बंद था।
खिड़की तोड़ने की आवाज पर पहुंची डायल 112 घर के अंदर से खिड़की तोड़ने की आवाज सुनते ही प्रार्थिया ने तुरंत अपने देवर अशोक पटेल और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। स्थिति को भांपते हुए तत्काल डायल 112 पर पुलिस को कॉल किया गया। सूचना मिलते ही गंडई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई, जहां आरोपी चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज, भेजा गया जेल पुलिस ने आरोपी शब्बू उर्फ अब्बास खान (पिता लतीफ खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 03 पंडरिया गंडई) के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। मौके की जांच, गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर अपराध सिद्ध होने पर पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को दोपहर 2:10 बजे आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।



