जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में की विकास कार्यों की समीक्षा
जल जीवन मिशन एवं धीरी पेयजल योजना में गड़बड़ी की जांच हेतु कमेटी बनी
राजनांदगांव (दावा)। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा उपस्थित थे। जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने जिले में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर सांसद श्री पांडेय ने राजनांदगांव शहर में अमृत मिशन के कार्यों में विलंब और गुणवत्ता में कमी को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अमृत मिशन के तहत पाइप लाईन बिछाने और उसके लिए खुदाई के काम में आखिर इतना विलंब क्यों हो रहा है। शहर के कुछ क्षेत्रों में पाइप लाईन बिछाने के लिए निधारित गहराई से कम गहराई में ही पाइप लाईन बिछाने का जिक्र करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसके लिए जांच कमेटी बनाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
श्री पांडेय ने पीडब्ल्यूडी और प्रधानमंत्री सडक़ योजना द्वारा हाल ही में बनाई गई सडक़ों के उखडऩे और अभी से जर्जर होने की शिकायत मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए एक जांच कमेटी गठित कर जांच कराई जाए। पूर्व मंत्री रहे एवं राजनांदगांव विधायक प्रतिनिधि लीलाराम भोजवानी ने बैठक में सोमनी-धीरी-ईरा क्षेत्र में पेयजल आवर्धन में अधिकारियों द्वारा गड़बड़ी का उल्लेख करते कहा कि भ्रष्टाचार के कारण उस क्षेत्र के ग्रामीणों को आज पर्यंत पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। श्री भोजवानी ने इसके लिए जांच समिति गठित कर पूरे मामले की जांच कराने और पेयजल आवर्धन योजना को अतिशीघ्र मूर्त रूप देने हेतु आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने राजनांदगांव शहर के मोहारा, रानीसागर, बूढ़ासागर में कराए गए कार्यों की भी जांच कराने कहा। आज की बैठक करीब पांच घंटे चली, जिसमें सांसद ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
इस दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, दीन दयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल्य योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन- ग्रामीण, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रर्बन मिशन-राष्ट्रीय रर्बन मिशन, प्रधानमंत्री सृजन विकास कार्यक्रम, सुगम्य भारत अभियान, प्रधान मंत्री ग्राम सडक़ योजना, प्रधान मंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अटल मिशन फॉर रिजूवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन, स्मार्ट सिटी मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना/मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, नगर पालिका परिषद खैरागढ़, नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं एकीकृत वाटरशेेड प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार, डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, उज्जवल डिस्कॉम एश्योरेंस योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा की गई।
बैठक में कोविड-19 के दौरान किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी तैयारी, सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील स्कीम, समेकित बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री उज्जवल योजना- बीपीएल परिवारों के लिए एलपीजी कनेक्शन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा का कार्यान्वयन, डिजिटल इंडिया- पब्लिक इंटरनेट एक्सेस प्रोग्राम-प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामान्य सेवा केन्द्र उपलब्ध कराना, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, कमांड एरिया डेवलपमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट प्रोग्राम, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना की समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, विधायक प्रतिनिधि लीलाराम भोजवानी, वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव एन. गुरूनाथन, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



