0 पाटेकोहरा फौजी ढाबा के पास वाहन चालक से विवाद और गाली-गलौज कर रहा था भिलाई निवासी युवक
0 पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट छुरिया के समक्ष किया पेश
चिचोला/राजनांदगांव। सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा कर शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले एक व्यक्ति के विरुद्ध चिचोला पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी चिचोला को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पाटेकोहरा स्थित फौजी ढाबा के पास एक व्यक्ति द्वारा वाहन चालक से विवाद कर गाली-गलौज व हुड़दंग किया जा रहा है। भीड़ इकट्ठा होने से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बन रही थी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर मौजूद व्यक्ति दिपक लामटे (उम्र 38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, रामनगर सुपेला (भिलाई, जिला दुर्ग) को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रोशित होकर हिंसक व्यवहार करने लगा। किसी अप्रिय घटना व संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया।
लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के विरुद्ध धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट छुरिया के न्यायालय में पेश किया गया। चिचोला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान व कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




