0 ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर ओजस्वी वक्तव्य से जीता पहला स्थान
0 शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय व महापौर मधुसूदन यादव ने मंच पर किया पुरस्कृत
राजनांदगांव (दावा)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में गुजराती स्कूल की प्रखर एवं ओजस्वी वक्ता सिद्धि सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विकासखंड स्तर पर अव्वल रहने के बाद जिला स्तरीय स्पर्धा में अपनी वाकपटुता का लोहा मनवाते हुए सिद्धि सेन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सिद्धि सेन को मंच पर शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अनेक मंचों पर बिखेर चुकी हैं प्रतिभा का जलवा
उल्लेखनीय है कि सिद्धि सेन इससे पूर्व भी अंतरशालेय काव्य पाठ, भाषण तथा रामायण प्रचारक समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर श्रोताओं और निर्णायकों को प्रभावित कर चुकी हैं। उनकी इस निरंतर सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। गुजराती शाला के विद्यार्थी केवल अकादमिक पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेलकूद एवं बौद्धिक स्पर्धाओं में भी बड़े-बड़े निजी व शासकीय स्कूलों को कड़ी टक्कर देते हुए निरंतर कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। शाला की प्राचार्य श्रीमती सुषमा शुक्ला ने कहा कि विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी हर गतिविधि में पूरे समर्पण के साथ भाग लेते हैं। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और बच्चों की मेहनत का ही परिणाम है कि आज गुजराती स्कूल जिले व राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। छात्रा की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर गुजराती शिक्षण समिति एवं विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए सिद्धि सेन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बधाई देने वालों में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनय पटेल, उपाध्यक्ष पवन पटेल, सचिव सीए रूपम सोनछात्रा, कोषाध्यक्ष हिमांशु पटेल, कार्यकारिणी सदस्य सूरज बुद्धदेव, पीयूष पटेल, प्राचार्या श्रीमती सुषमा शुक्ला, उप-प्राचार्य अर्पण श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी शामिल हैं।




