० शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में प्रदर्शन, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की उठाई मांग
० वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
राजनांदगांव (दावा)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान उत्तर और दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग चौराहों पर काले कपड़े पहनकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया और पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया। उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चिखली चौक पर एकत्र होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। वहीं दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गंज चौक में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उग्र प्रदर्शन व पुतला दहन किया।
लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाना अस्वीकार्य : जितेन्द्र मुदलियार
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार की मौजूदगी में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं, निष्पक्ष निर्वाचन प्रणाली और नागरिकों के मताधिकार पर कुठाराघात का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का मत ही सर्वोपरि ताकत होता है। निष्पक्ष चुनाव कराना और इस प्रक्रिया की विश्वसनीयता अक्षुण्ण रखना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक कर रही है। दक्षिण ब्लॉक के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार दमनकारी नीतियों के जरिए विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि मजबूत विपक्ष ही लोकतंत्र की वास्तविक रीढ़ है। प्रदर्शन में उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष चेतन भानुशाली, दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण यादव, सुदेश देशमुख, हेमा देशमुख, हफीज खान, राकेश जोशी, मनीष गौतम, देवेश वैष्णव, सिद्धार्थ डोंगरे, ललित मरकाम, अमर झा, भोला यादव, कादिर कुरैशी, सचिन तुरहाटे, हर्षिल भलावे, प्रदीप यादव, सोनू साहू, कुंदन वाहने, यादराव, राजिक सोलंकी, पवन तिवारी, गोलू महानंद, शिवम गढ़पाले, राजा चौहान, मनीष सावरकर, पीयूष बघेल, शशांक डोंगरे, अरुण देवांगन, हिमालय बांदे, निश्चय बुराडे, कमल सिरशाम, अभिषेक सिंह, राहुल यदु, दीपक सिन्हा, राहुल बंधे व राहुल सिन्हा सहित अनेक मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




