Home छत्तीसगढ़ इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर दुष्कर्म, ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाला आरोपी गुजरात...

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर दुष्कर्म, ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार…

16

कैंसर का झांसा देकर ऐंठे 2.19 लाख, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की देता था धमकी, साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई

राजनांदगांव (दावा)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए युवती से जान-पहचान बनाकर दुष्कर्म करने, लाखों रुपये की ठगी और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले शातिर आरोपी को साइबर पुलिस थाना राजनांदगांव की टीम ने सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लाकर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रोनक सिंह (19 वर्ष), निवासी प्लॉट नं. 102, अश्विन सोसायटी-2, खोडियार नगर रोड, वराछा (सूरत, गुजरात) ने मई से जुलाई 2025 के मध्य इंस्टाग्राम के जरिए राजनांदगांव निवासी युवती से संपर्क साधा। उसने खुद को कैंसर पीड़ित बताकर भावनात्मक रूप से झांसे में लिया और इलाज में मदद के नाम पर नगद व ऑनलाइन माध्यम से पीड़िता से 2 लाख 19 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद आरोपी सूरत से राजनांदगांव पहुंचा और एक निजी होटल में युवती को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

इस दौरान उसने मोबाइल से पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए। जब पीड़िता ने अपने रुपयों की मांग की, तो आरोपी उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। पीडि़ता की लिखित शिकायत पर 20 अगस्त 2026 को साइबर थाना राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 02/26, धारा 318(4), 77 बीएनएस तथा 66(ई) आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 व 351(1) जोड़ी गई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों व लोकेशन के आधार पर टीम ने 9 अक्टूबर 2026 को सूरत में दबिश देकर आरोपी रोनक सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड जब्त किया गया। स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर टीम 10 अक्टूबर को उसे राजनांदगांव लेकर पहुंची।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here