कलेक्टर जितेन्द्र यादव व डीईओ प्रवास सिंह बघेल ने ली क्लास, डॉ. कलाम का उदाहरण देकर बच्चों को किया प्रेरित
राजनांदगांव (दावा)। जिले के स्कूली विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस देने सहित जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से विशेष ऑनलाइन कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले शनिवार को जिले के 152 स्कूलों से 1,270 शिक्षक और 15,151 विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। कक्षा के दौरान जिला कलेक्टर जीतेन्द्र यादव ने 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन दो वर्षों की कड़ी मेहनत भविष्य में उन्हें मनचाहे मुकाम तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान और आगामी तीन वर्षों का परिश्रम जीवन की दिशा तय करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य-आधारित (टारगेट ओरिएंटेड) अध्ययन करने के गुर सिखाए।
हर शनिवार-रविवार सुबह 8 से 9 बजे लगेंगी कक्षाएं
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) प्रवास सिंह बघेल ने स्वयं क्लास लेकर बच्चों को कैरियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि हर शनिवार और रविवार को प्रात: 8 से 9 बजे तक एक घंटे की यह ऑनलाइन क्लास आयोजित की जाएगी। जिसमें विषय विशेषज्ञ एवं प्रशासनिक अधिकारी मार्गदर्शन देंगे।
डॉ. कलाम व प्रशासनिक अफसरों का दिया उदाहरण
डीईओ श्री बघेल ने पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि अभावों और असफलताओं के बावजूद हिम्मत न हारने का जज्बा ही इंसान को महान बनाता है। उन्होंने आसपास के जिलों में पदस्थ कलेक्टर एवं एसपी का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अपनी मेहनत और लगन से शीर्ष पदों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी क्षमता पहचानें, जिज्ञासु बनें और सवाल पूछने की आदत डालें। डीईओ ने विद्यार्थियों को गणित, बायो, डिफेंस, रेलवे व बैंकिंग क्षेत्र में अवसर तथा व्यापार व स्वरोजगार के विकल्पों के बारे में विस्तार से समझाया और कहा कि परीक्षा अंतिम नहीं होती, जीवन में असीमित संभावनाएं मौजूद हैं।




