नवरात्रि की पंचमी पर मां बम्लेश्वरी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
सेब, अनार, अनानास और मौसमी फलों से सजाया गया गर्भगृह, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें
डोंगरगढ़ (दावा)। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नवरात्रि के पावन पर्व पर पंचमी तिथि के अवसर पर मां बम्लेश्वरी का अलौकिक और मनोहारी श्रृंगार किया गया। इस पावन दिवस पर लगभग 800 किलो विभिन्न प्रकार के ताजे फलों से मातारानी के गर्भगृह और दरबार को भव्य रूप से सजाया गया, जिसका नयनाभिराम दृश्य देखते ही बन रहा था।
रंग-बिरंगे मौसमी फलों से महका मां का दरबार
पंचमी के विशेष अवसर पर मंदिर ट्रस्ट एवं सेवाभावी श्रद्धालुओं द्वारा दरबार को आकर्षक रूप दिया गया। गर्भगृह को सेब, संतरा, मौसंबी, अनार, केला, अनानास, पपीता और अंगूर सहित अनेक देशी व मौसमी फलों से कलात्मक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगे फलों से की गई इस मनमोहक सजावट से पूरा मंदिर परिसर महक उठा और मातारानी का स्वरूप अत्यंत दिव्य नजर आया।
दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
मातारानी के इस भव्य और अनूठे स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने मां बम्लेश्वरी के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्र की खुशहाली व सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना संपन्न होने के उपरांत इन फलों को श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में वितरित किया गया।




