Home samachar राजनांदगांव: साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग मामले में गरमाई सियासत, पीएचक्यू...

राजनांदगांव: साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग मामले में गरमाई सियासत, पीएचक्यू ने एसपी अंकिता शर्मा से मांगा स्पष्टीकरण…

14

राजनांदगांव। विजयादशमी के मौके पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजा के बाद साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग करने का मामला अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, विजयादशमी की सुबह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग की गई। इसी दौरान साड़ी पहने एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से फायर किया।

वीडियो वायरल होने के बाद उठे सुरक्षा से जुड़े सवाल
हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए गए। वहीं, साड़ी जैसे पारंपरिक भारतीय परिधान में महिला पुलिस अधिकारी के इस अंदाज को लेकर भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। मामले ने तूल पकड़ा तो अब पुलिस मुख्यालय ने भी इस पर संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय की ओर से IG अजय यादव के माध्यम से SP अंकिता शर्मा से पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

IG अजय यादव देंगे मामले की जानकारी
पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस विभाग की ओर से स्पष्टीकरण मांगे जाने की पुष्टि की गई है। इस संबंध में IG अजय यादव का बयान भी सामने आया है। अब एसपी अंकिता शर्मा की ओर से दिए जाने वाले जवाब के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हर्ष फायरिंग के दौरान किन परिस्थितियों में फायरिंग की गई और सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किस तरह किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here