0 विवादित सीईओ भगवती साहू हटी, वरिष्ठ अधिकारी माखनलाल चंद्रवंशी को प्रभार
0 तालाबंदी के ऐलान के बाद जागा जिला प्रशासन, सीईओ भगवती साहू राजनांदगांव अटैच, भाजपा जनपद सदस्यों को मिली पहली राजनीतिक जीत
डोंगरगढ़ (दावा)। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ में वरिष्ठ अधिकारी के रहते हुए जूनियर अधिकारी को प्रभारी सी ई ओ बनाए जाने का विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। लगातार उटपटांग निर्णयों के चलते विवादों में रहीं प्रभारी सी ई ओ भगवती साहू का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनकी जaगह जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी माखनलाल चंद्रवंशी को डोंगरगढ़ जनपद का प्रभार सौंपा गया है।
जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों ने खोला था मोर्चा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सत्ताधारी दल (भाजपा) के सभी जनपद सदस्यों ने सी ई ओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जनपद सदस्यों का आरोप था कि सी ई ओ द्वारा कांग्रेस समर्थित सरपंचों को नियम विरुद्ध राशि स्वीकृत की जा रही है, जबकि सत्ताधारी दल के सदस्यों की उपेक्षा की जा रही है। कांग्रेस के जनपद सदस्यों को सीईओ का पूरा संरक्षण प्राप्त होने का आरोप भी लगाया गया था। इस उपेक्षा से नाराज होकर जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष व जनपद सदस्यों ने सी ई ओ के स्थानांतरण को लेकर जनपद में तालाबंदी का ऐलान कर दिया था।
महापौर मधुसूदन यादव की पहल लाई रंग
बताया जा रहा है कि जिले के कर्ता-धर्ता नेताओं द्वारा लगातार उपेक्षा के बाद, राजनांदगांव के महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने मामले में हस्तक्षेप किया। जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओ के दर्द को समझते हुए उनकी पहल पर ही विवादित सी ई ओ का स्थानांतरण संभव हो पाया। इसे जनपद के पदाधिकारियों की स्वयं के नेतृत्व में पहली बड़ी राजनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है।
जिला पंचायत सी ई ओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार
प्रशासनिक दृष्टिकोण से माखनलाल चंद्रवंशी, सहायक परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत राजनांदगांव को प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ का प्रभार आगामी आदेश पर्यन्त अस्थायी रूप से तत्काल प्रभाव से सौंपा जाता है।
भगवती साहू जिला पंचायत राजनांदगांव कार्यालय अटैच
वहीं श्रीमती भगवती साहू, प्रभारी सी ई ओ, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपना प्रभार श्री चंद्रवंशी को सौंपकर जिला पंचायत कार्यालय राजनांदगांव में अपनी उपस्थिति दें। उन्हें राजनांदगांव कार्यालय अटैच किया गया है।
अब खुलेंगे पूर्व कार्यकाल के भ्रष्टाचार
जनपद में नए प्रभार के बाद अब चर्चा है कि पूर्व जनपद सी ई ओ के कार्यकाल में किए गए कार्यों और स्वीकृत राशियों में हुए कथित भ्रष्टाचार की फाइलें अब उजागर होंगी।



