Home samachar डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को मिली बड़ी रफ्तार…

डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को मिली बड़ी रफ्तार…

24

साय कैबिनेट ने दी शत-प्रतिशत इक्विटी निवेश को मंजूरी

डोंगरगढ़ (दावा)। क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित और बहुचर्चित मांग ‘डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना’ को लेकर एक ऐतिहासिक निर्णय सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार से औपचारिक हरी झंडी मिलने के उपरांत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन हेतु शत-प्रतिशत इक्विटी निवेश को हरी झंडी दे दी गई है। मंत्रिपरिषद द्वारा यह निवेश छत्तीसगढ़ रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। यह रेल परियोजना कुल 295 किलोमीटर लंबी होगी, जो मध्य और पश्चिमी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण औद्योगिक, धार्मिक और कृषि बाहुल्य क्षेत्रों को एक सूत्र में पिरोएगी। यह नया रेल मार्ग कटघोरा, तखतपुर, मुंगेली, कवर्धा, खैरागढ़ एवं डोंगरगढ़ है। सहित अनेक छोटे-बड़े कस्बों और ग्रामीण अंचलों से होकर गुजरेगा। इस रेल लाइन के धरातल पर उतरने से न केवल यात्रियों को सुगम और किफायती आवागमन का विकल्प मिलेगा, बल्कि कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों के विकास को नए पंख लगेंगे।

क्षेत्र में हर्ष की लहर, मुख्यमंत्री का जताया आभार
राज्य मंत्रिपरिषद के इस ऐतिहासिक और दूरगामी फैसले के बाद डोंगरगढ़ सहित समूचे अंचल में हर्षोल्लास का माहौल है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के समग्र सामाजिक व आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब परियोजना का वित्तीय ढांचा पूरी तरह स्पष्ट हो जाने से रेल लाइन बिछाने, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्यों में तेजी आएगी, जिससे वर्षों से ट्रेन की छुक-छुक सुनने को आतुर वनांचल के लोगों का सपना जल्द साकार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here