राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे और वरिष्ठ अतिथियों ने बढ़ाई खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई; रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) में बुधवार को बारिश और गीले मैदान की चुनौतियों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। चक्रवात ‘अर्नब’ के चलते हुई भारी बारिश के बीच खेले गए पहले मैच में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के मजबूत डिफेंस के चलते मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। वहीं, दूसरे कम स्कोर वाले मैच में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और खुद को सेमीफाइनल की दौड़ में बनाए रखा। हार के साथ राजधानी रॉयल्स की टीम बिना कोई मैच जीते टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
मैचों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, न्यूज़ 24 (MP/CG) के एडिटर मनोज बघेल, छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी, छत्तीसगढ़ कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के सचिव प्रशांत रघुवंशी, बाल्को के असिस्टेंट मैनेजर रोहताश, बॉडीबिल्डिंग रेफरी संजय शर्मा, पर्यटन अधिकारी संतोष रैदास तथा एसबीआई के एजीएम रामदास मांझी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पहला मुकाबला: डिफेंस की जंग में नाइट्स और टाइटन्स 1-1 पर छूटे
टूर्नामेंट की शीर्ष दो टीमों न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच खेला गया मुकाबला बेहद कड़ा रहा। दोनों ही टीमों ने पूरे सीजन में बेहतरीन डिफेंस दिखाया है और मैच से पहले तक दोनों ने 10 से भी कम गोल खाए थे।
केतन ने दिलाई नाइट्स को बढ़त: बारिश से गीले मैदान पर पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के हमले नाकाम रहे। सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुकी न्यायधानी नाइट्स के लिए दूसरे क्वार्टर के अंत में केतन ने शानदार रिबाउंड पर गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में केतन का छठा गोल था।
मोहित ने कराई टाइटन्स की वापसी: तीसरे क्वार्टर में नाइट्स के डिफेंस ने टाइटन्स के फॉरवर्ड्स को कोई मौका नहीं दिया। चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने अटैक तेज किया और मोहित नायक ने निर्णायक गोल दागकर मैच 1-1 से बराबर कर दिया।
अवार्ड्स: शानदार प्रदर्शन के लिए मैनपाट के मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और नाइट्स के केतन को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
दूसरा मुकाबला: राहुल के गोल से बैलाडिला बुल्स की पहली जीत
बारिश से प्रभावित दूसरे मुकाबले में भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चिंगलेनसाना सिंह की अगुवाई वाली बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से मात दी।
शुरुआती बढ़त ने तय किया नतीजा: मैच शुरू होते ही बैलाडिला बुल्स के राहुल यादव ने सर्कल के अंदर मिले मौके को भुनाते हुए जोरदार शॉट लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पूरे 60 मिनट के खेल में यही एकमात्र गोल साबित हुआ।
पेनल्टी कॉर्नर भुनाने में नाकाम रही रॉयल्स: मैदान में पानी भरे होने के कारण दोनों टीमों को तालमेल बिठाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। राजधानी रॉयल्स को मिले पेनल्टी कॉर्नर मौकों को उनके खिलाड़ी गोल में नहीं बदल सके, जो उनकी हार की मुख्य वजह बना।
अवार्ड्स: बेहतरीन गोलकीपिंग के लिए बैलाडिला बुल्स के गोलकीपर हिमांशु मलिक को हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से पुरस्कृत किया। वहीं शुरुआती गोल दागने वाले राहुल यादव को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।




