Home samachar धान खरीदी से पहले ही घुमका समिति में गहराया संकट, कर्मचारियों ने...

धान खरीदी से पहले ही घुमका समिति में गहराया संकट, कर्मचारियों ने फड़ प्रभारी बनने से किया इनकार…

8

9 महीने से वेतन बकाया और बैंक खाता फ्रीज होने से कर्मचारियों में आक्रोश; अधिकारियों के साथ हुई बैठक बेनतीजा, केंद्र में फैली गंदगी से किसानों की बढ़ी चिंता

राजनांदगांव/घुमका। प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू होने जा रहा है, लेकिन ठीक उससे पहले राजनांदगांव जिले की घुमका स्थित कृषक सेवा सहकारी समिति में प्रशासनिक अमले और कर्मचारियों के बीच भारी गतिरोध उत्पन्न हो गया है। पिछले 9 महीनों से वेतन नहीं मिलने और संस्था का बैंक खाता फ्रीज होने से नाराज समिति के कर्मचारियों ने आगामी धान खरीदी की जिम्मेदारी लेने से साफ हाथ खड़े कर दिए हैं।

समझाइश के लिए पहुंचे अफसर, पर नहीं बनी बात 15 नवंबर से धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए गुरुवार को एसडीएम गौतम पाटिल, तहसीलदार तंजय नाग, सहकारिता विस्तार अधिकारी और प्राधिकृत अधिकारी अभय कापरे ने घुमका समिति कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य फड़ प्रभारी, ऑपरेटर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तय करना था। हालांकि, बैठक के दौरान ऑपरेटर ढालेश्वर वर्मा और अन्य कर्मचारियों ने अपनी मांगों पर अड़े रहते हुए स्पष्ट कर दिया कि जब तक रुका हुआ वेतन नहीं मिलता और बैंक खाते का संचालन शुरू नहीं होता, तब तक वे किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे।

बैंक खाता फ्रीज होने से ठप पड़ा कामकाज, मजदूरों का भुगतान भी अटका कर्मचारियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी आर्थिक पीड़ा रखते हुए बताया कि घुमका समिति में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले 9 माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। ऊपर से संस्था का सेविंग बैंक खाता फ्रीज कर दिए जाने के कारण सभी वित्तीय लेन-देन पूरी तरह ठप पड़े हैं। समिति के पास खरीदी व्यवस्था शुरू करने के लिए एक रुपया भी उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा, पिछले सीजन के चौकीदारों व मजदूरों का मेहनताना तथा हाल ही में हुई चना खरीदी में लगे मजदूरों का भुगतान भी अटका हुआ है।

तालाबंदी की चेतावनी, प्रबंधक ने भी खड़े किए हाथ समिति प्रबंधक पति राम वर्मा ने बताया कि संस्था की इन गंभीर समस्याओं से उच्च अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। पिछले महीने भी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर संस्था में 10 दिनों तक ताला जड़ दिया था, जिसे अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला गया था। अब तक समस्या का समाधान नहीं होने के कारण प्रबंधक सहित सभी कर्मचारियों ने फड़ प्रभारी का जिम्मा उठाने से इनकार कर दिया है।

केंद्र में झाड़ियां और पानी जमा, किसान परेशान दूसरी ओर, खरीदी शुरू होने में महज दो दिन शेष रह गए हैं, लेकिन घुमका धान खरीदी केंद्र की हालत बेहद खराब है। परिसर में साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। केंद्र के चारों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं और परिसर में पानी व कचरा जमा है। किसानों ने चिंता जताते हुए प्रशासन से मांग की है कि खरीदी शुरू होने से पहले केंद्र की तत्काल सफाई, तिरपाल और पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश या नमी से उनका अनाज खराब न हो।

अधिकारियों का पक्ष

“धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। हम व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुटे हुए हैं।” — अभय कापरे, प्राधिकृत अधिकारी

“15 नवंबर से निर्धारित समय पर धान खरीदी शुरू कर ली जाएगी।” — तंजय नाग, तहसीलदार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here