Home samachar राजनांदगांव जिले को मिली बड़ी सौगात, 1.50 करोड़ की लागत से 5...

राजनांदगांव जिले को मिली बड़ी सौगात, 1.50 करोड़ की लागत से 5 ग्राम पंचायतों में बनेंगे ‘महतारी सदन’…

20

प्रत्येक सदन के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत; विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का जताया आभार

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के विशेष प्रयासों से जिले की पांच ग्राम पंचायतों को ‘महतारी सदन’ निर्माण की बड़ी सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत इन भवनों के निर्माण हेतु कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इन 5 पंचायतों में होगा निर्माण पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत पनेका, अंजोरा, भर्रेगांव, खैरा (र) तथा छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत लालूटोला के आश्रित ग्राम बापूटोला में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक महतारी सदन के लिए 30 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।

ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा सामुदायिक मंच इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए एक अत्यंत उपयोगी सामुदायिक केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीण अंचल की महिलाओं को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here