Home samachar गोल बाजार से मटन मार्केट हटाने की मांग पर हिंदू संगठनों ने...

गोल बाजार से मटन मार्केट हटाने की मांग पर हिंदू संगठनों ने निकाली बाइक रैली, सिटी कोतवाली में सौंपा ज्ञापन…

25

0 इधर, दुकान हटाने के नोटिस पर व्यापारियों ने गोल बाजार कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध

राजनांदगांव। शहर में हाल ही में सामने आए गो-हत्या और गो-मांस बिक्री के मामलों से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने सोमवार को शहर में बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने शहर में अवैध रूप से हो रही मांस-मटन की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को अन्यत्र स्थानांतरित करने की पुरजोर मांग की।
नोटिस के बावजूद मार्केट नहीं हटने पर जताया आक्रोश
ज्ञापन सौंपते हुए हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को पूर्व में ही अन्यत्र हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद मांस-मटन व्यवसायी अब भी वहीं डटे हुए हैं। संगठन ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल इस मार्केट को खाली कराकर पूर्व से निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करे, ताकि मुख्य बाजार क्षेत्र की व्यवस्था बनी रहे।
दुकानदारों ने जताया विरोध, वैकल्पिक व्यवस्था की उठाई मांग
दूसरी ओर, प्रशासन द्वारा गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को शाम 6 बजे के बाद हटाने के निर्देश व नोटिस जारी किए जाने के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में विरोध जताते हुए व्यापारी गोल बाजार कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रशासन और संपदा विभाग के अधिकारियों ने नियमों, किराये और पूर्व निर्धारित विस्थापन प्रक्रिया का हवाला दिया। वहीं, दुकानदारों ने अपनी आजीविका का संकट बताते हुए उचित समय दिए जाने और व्यवस्थित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने के बाद ही विस्थापन की कार्रवाई करने की मांग रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here