Home samachar जिले के सभी 122 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को दी गई...

जिले के सभी 122 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को दी गई कृषक उन्नति योजना की जानकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नवीन दिशा-निर्देशों से कराया अवगत…

9

राजनांदगांव। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना का अधिक से अधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जिले के सभी 122 धान उपार्जन केंद्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों को योजना के नवीन दिशा-निर्देशों, पात्रता शर्तों, पंजीयन प्रक्रिया, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा आदान सहायता राशि के भुगतान संबंधी प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रति एकड़ तय हुई 13 हजार 839 रुपए की सहायता राशि
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि खरीफ वर्ष 2026 से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड द्वारा उपार्जित धान तथा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा उपार्जित धान बीज पर किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि धान के घोषित मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल और कॉमन ग्रेड धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपए के अंतर यानी 659 रुपए को प्रति एकड़ अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल से गुणा कर निर्धारित की गई है। इसके तहत 2 एकड़ के पात्र किसान को 27 हजार 678 रुपए तथा 3 एकड़ वाले किसान को 41 हजार 517 रुपए की सहायता मिलेगी।
एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे जरूरी
कार्यक्रम में स्पष्ट किया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान का एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। इसके साथ ही बोए गए धान के रकबे का सत्यापन डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के माध्यम से होना आवश्यक है। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार राशि प्रदान की जाएगी।
आधार लिंक्ड बैंक खाते में सीधे आएगी राशि
किसानों को अवगत कराया गया कि पात्रता एवं सत्यापन की सभी शर्तें पूर्ण होने पर आदान सहायता राशि का भुगतान सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से किया जाएगा। खाद्य विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए पंजीयन व सत्यापन से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समय रहते पूर्ण कर लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here