Home samachar डिवाइडर बना जानलेवा : दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की दर्दनाक...

डिवाइडर बना जानलेवा : दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत…

22

राजनांदगांव। शहर व आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों के डिवाइडर से टकराने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दो अलग-अलग सडक़ हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पहले मामले में सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत टेड़ेसरा के पास बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद जख्मी युवक रात भर घटनास्थल पर ही पड़ा रहा, जिससे समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना शहर के रेलवे ओवरब्रिज पर हुई, जहां डिवाइडर से टकराने से लेबर कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
टेड़ेसरा के पास हादसा, सुबह लोगों की पड़ी नजर
सोमनी थाना क्षेत्र में हुई पहली घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर निवासी ओमप्रकाश वर्मा बीती रात तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाते हुए नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान टेड़ेसरा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद युवक सडक़ किनारे नीचे जा गिरा। अंधेरा और सुनसान होने के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी और वह मरणासन्न हालत में रात भर वहीं पड़ा रहा। सुबह आसपास के लोगों ने युवक को देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई।
रेलवे ओवरब्रिज पर टकराई बाइक, खुशियां मातम में बदलीं
दूसरी घटना शहर के रेलवे ओवरब्रिज पर घटी। लेबर कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय सौरभ मेहरा अपने एक साथी के साथ किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी बीच ओवरब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सौरभ को परिजन तत्काल रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कुछ ही दिनों बाद सौरभ की शादी होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने मेहरा परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
रफ्तार पर लगाम नहीं, पुलिस जांच में जुटी
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे से लेकर शहर के ब्रिज व मुख्य सडक़ों पर बने डिवाइडर से तेज रफ्तार वाहनों के टकराने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रफ्तार पर नियंत्रण न होने के कारण युवा वर्ग आए दिन असमय काल के गाल में समा रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here