Home छत्तीसगढ़ नर्सिंग कर्मचारियों ने खोला मोर्चा : मेडिकल कॉलेज अस्पताल की 128 नर्सें...

नर्सिंग कर्मचारियों ने खोला मोर्चा : मेडिकल कॉलेज अस्पताल की 128 नर्सें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर…

20

० ग्रेड-पे आदेश और नियमितीकरण सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा असर
० स्थिति संभालने के लिए जिला अस्पताल से बुलाया गया स्टाफ, नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की भी ली जा रही मदद

राजनांदगांव (दावा)। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेश के 10 मेडिकल कॉलेजों सहित स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग स्टाफ ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में राजनांदगांव के शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पेंड्री) में पदस्थ 73 नियमित और 55 कलेक्टर दर पर कार्यरत कुल 128 नर्सें बुधवार, 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गई हैं। नर्सों के हड़ताल पर जाने से वार्डों में भर्ती मरीजों की देखभाल और नियमित उपचार व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इसका असर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ-साथ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में भी देखने को मिल सकता है।

ग्रेड-पे और संविदा नियमितीकरण सहित 9 सूत्रीय मांगें
हड़ताल पर बैठे नर्सिंग कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड-पे का आदेश जारी करने, वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं को लागू करने और संविदा नर्सिंग कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कुल 9 सूत्रीय मांगें शामिल हैं। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की घोषणा के अनुसार, चिकित्सा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी नर्सिंग कर्मचारी रोजाना सुबह 10 से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संगठन ने स्वास्थ्य मंत्री और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं निकलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल संगठन ने शासन को दो-तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है और समाधान न होने पर आंदोलन का दायरा और व्यापक करने की बात कही है।

नर्सिंग कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल का नोटिस दिया गया है। अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की देखभाल सुचारू रखने के लिए जिला अस्पताल बसंतपुर के एमसीएच (मातृ एवं शिशु अस्पताल) से 20 नर्सों के स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की भी मदद ली जा रही है।
– डॉ. पवन जेठानी, पीआरओ, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री (राजनांदगांव)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here