ठेकेदार कंपनी पर मनमानी और निर्माण कार्य बंद करने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग*
अंबागढ़ चौकी:-राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और ठेकेदार कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार नेहा विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपकर ठेकेदार कंपनी मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क का कार्य ठेकेदार कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों में असंतोष है। विशेष रूप से कुमर्दा एवं घुपसाल के बीच सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। भाजपा ने पूरे निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी समिति से जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में ठेकेदार कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू द्वारा 20 नवंबर 2026 को पुलिस प्रशासन के समक्ष भारत वर्मा के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, ब्लैकमेलिंग तथा कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की वसूली मांगने जैसे आरोप लगाए जाने का भी उल्लेख है। भाजपा ने इन आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताते हुए कहा है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद इस तरह के आरोप लगाकर जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ठेकेदार कंपनी ने असुरक्षा का हवाला देकर बिना प्रशासनिक अनुमति के राजनांदगांव-मानपुर मार्ग का निर्माण कार्य बंद कर दिया है। इससे क्षेत्र के हजारों राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। भाजपा ने इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन बताते हुए निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
भाजपा पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मार्ग के निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा निर्माण कार्य मानक गुणवत्ता के साथ शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, राजू टांडिया, अरुण यादव, आशीष द्विवेदी, राजू जैन गुजराती, अंबर जोशी, अवधेश त्रिपाठी,सैय्यद अजहरुद्दीन, किशोर अटभैया,संदीप मेश्राम,धरमजीत सिन्हा एवं देवनारायण कुंभकार सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




