Home छत्तीसगढ़ अकवान तूफान ने धान खरीदी पर अटकाया रोड़ा, बारिश से उपार्जन केंद्रों...

अकवान तूफान ने धान खरीदी पर अटकाया रोड़ा, बारिश से उपार्जन केंद्रों में कामकाज प्रभावित…

15

खेतों में खड़ी व कटी फसल को लेकर बढ़ी किसानों की चिंता, जिले के 48 केंद्रों में नहीं हो सकी खरीदी

राजनांदगांव (दावा)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हो रही बारिश ने प्रदेश सहित जिले की धान खरीदी व्यवस्था पर रोड़ा अटका दिया है। खराब मौसम और बारिश के चलते कई समितियों में धान खरीदी का कार्य अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों को टोकन देकर मौसम साफ होने के बाद आने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है। विशेष रूप से 22 से 25 नवंबर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने और अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने की संभावना जताई गई है।

बारिश और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें, कटाई-मिंजाई का कार्य ठप
शुक्रवार सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढऩे से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग गर्म कपड़ों के साथ-साथ कहीं-कहीं अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। मौसम की इस मार का सीधा असर अन्नदाताओं पर पड़ रहा है। धान खरीदी के साथ ही खेतों में चल रही धान की कटाई और मिंजाई का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी है, उन्हें धान भीगने और गुणवत्ता खराब होने की चिंता सता रही है। लगातार नमी बने रहने से धान को सुखाने में भी परेशानी आ रही है।

जिले के 48 खरीदी केंद्रों में एक दाना भी नहीं खरीदा गया
खराब मौसम के कारण जिले के कुल 122 धान खरीदी केंद्रों में से केवल 74 उपार्जन केंद्रों पर ही खरीदी हो पाई, जबकि 48 केंद्रों में एक दाना तक नहीं खरीदा जा सका। प्रतिकूल मौसम के बीच जिले में अब तक 6,383 किसानों से 24,293.80 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। किसानों का कहना है कि वे कड़ाके की ठंड में उपार्जन केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन बारिश के कारण खरीदी स्थगित होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। खुले में रखे धान के भीगने की आशंका भी बनी हुई है, हालांकि समिति प्रबंधकों का दावा है कि धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में तारपोलिन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here