राजनांदगांव। कवर्धा से मानपुर तक बन रही सड़क की गुणवत्ता और उस पर उठे विवाद को लेकर अब राजनांदगांव की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता अशोक चौधरी ने इस पूरे मामले में भाजपा नेता भारत वर्मा का खुलकर समर्थन करते हुए सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को प्रथम दृष्टया ‘प्रोपेगेंडा’ करार दिया है। चौधरी ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से पूरे मामले की पीडब्ल्यूडी (PWD) के बजाय किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
‘गुणवत्ता पर सवाल उठाना जनहित का कार्य’ अशोक चौधरी ने एक बयान जारी कर कहा कि यदि भारत वर्मा ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर प्रश्न उठाया है, तो वह पूरी तरह सार्वजनिक और जनहित में है। उन्होंने वर्तमान निर्माण कार्यों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आजकल कई सड़कें बनने के कुछ ही महीनों के भीतर उखड़ने लगती हैं और बाद में केवल लीपापोती कर दी जाती है। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा गुणवत्ता पर सवाल उठाना सराहनीय है, न कि उस पर उल्टे आरोप लगाना।
पीडब्ल्यूडी की जांच पर उठाए सवाल, स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग निर्माण कार्य की जांच को लेकर अशोक चौधरी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की भूमिका पर भी संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पीडब्ल्यूडी द्वारा दी जाने वाली किसी भी क्लीन चिट पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि वास्तविक लेनदेन और कार्य का समन्वय निर्माण कंपनी और विभाग के बीच ही होता है। चौधरी ने माननीय कलेक्टर से मांग की है कि भारत वर्मा द्वारा उठाए गए मुद्दों को संज्ञान में लेते हुए पीडब्ल्यूडी के अलावा किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के आरोपों पर पलटवार सड़क निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा भारत वर्मा के खिलाफ खोले गए मोर्चे पर सवाल उठाते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह संदेह के घेरे में हैं। उन्होंने तर्क दिया कि यदि कंपनी के मैनेजर से पैसे की मांग की गई थी, तो मैनेजर ने स्वयं सामने आकर इसकी शिकायत क्यों नहीं की? चौधरी के अनुसार, जब निर्माण एजेंसी पर गुणवत्ता की अनदेखी के आरोप पुख्ता होने लगे, तो ध्यान भटकाने के लिए कर्मचारियों के माध्यम से अनर्गल बयानबाजी कराई जा रही है। अंत में उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि सड़क की गुणवत्ता और लगाए गए प्रत्यारोपों—दोनों पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




