राजनांदगांव : कुष्ठ रोग के उपचार में दवा प्रतिरोध की चुनौती से निपटने और इसकी समय पर पहचान की क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से राजनांदगांव में विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
एबिस पहल के सहयोग से स्विस एम्मुस इंडिया ने शिफेलिन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ रिसर्च एंड लेप्रोसी सेंटर, वेल्लोर के तकनीकी मार्गदर्शन तथा जिला स्वास्थ्य विभाग, राजनांदगांव के सहयोग से यह प्रशिक्षण आयोजित था, जिसमें
एबिस पहल की ओर से सीएसआर प्रबंधक महिमा सोनी, प्रशासन की ओर से डॉ आर एस सोनी, जिला कुष्ठ सलाहकार, संतोष चौहान, गौतम भट्टाचार्य और भगवती शर्मा शामिल हुए। वहीं शिफेलिन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ रिसर्च एंड लेप्रोसी सेंटर, वेल्लोर की ओर से डॉ सतीश पॉल (मुख्य प्रशिक्षक), डॉ इल्से होरो, श्रीमती एस्थर रीटा डेविड, डॉ एन मिरियम जोस और डॉ कलाईमणि ने तकनीकी मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में 33 लैब टेक्नीशियन सहित कुल 54 प्रतिभागियों ने भाग लिया। दवा प्रतिरोध की पहचान, स्लिट-स्किन स्मीयर के नमूना संग्रह, तैयारी एवं जांच तथा आणविक जांच के लिए नमूनों की पैकेजिंग और परिवहन की प्रक्रिया पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। लाइव प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को इन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव भी मिला।
इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता को मजबूत कर दवा प्रतिरोधी कुष्ठ रोग की समय पर पहचान, उपचार की प्रभावशीलता बनाए रखने, उपचार विफलता एवं पुनः संक्रमण के जोखिम को कम करने तथा रोग के आगे प्रसार को रोकने में सहायता करना है।




