Home samachar राजनांदगांव की महक नरवासे फिर भारतीय अंडर-19 महिला टीम में…

राजनांदगांव की महक नरवासे फिर भारतीय अंडर-19 महिला टीम में…

14

इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की श्रृंखला के लिए टीम में चयन

राजनांदगांव। शहर की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे ने एक बार फिर राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की महिला चयन समिति ने इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की घोषणा की है, जिसमें राजनांदगांव की महक नरवासे को स्थान मिला है।

15 सदस्यीय भारतीय टीम में महक नरवासे का चयन उनकी निरंतर मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले भी महक भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। जून-जुलाई 2026 में श्रीलंका अंडर-19 टीम के भारत दौरे के दौरान महक का भारतीय टीम में चयन हुआ था। उस श्रृंखला में उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी भी मिली थी।

अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में महक को फिर भारतीय टीम में जगह मिलना उनकी निरंतरता को दर्शाता है। भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी भाविका अहीर करेंगी, जबकि अनादी तागड़े उपकप्तान होंगी। टीम में महक नरवासे के अलावा इरा जाधव, निधि माहतो, पूर्वा सिवाच, मैत्री मनियार सहित अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हैं।

भारत और इंग्लैंड अंडर-19 महिला टीमों के बीच पांच टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 26 नवंबर को वडोदरा में होगा। इसके बाद 28 नवंबर को दूसरा मुकाबला वडोदरा में तथा 1, 3 और 6 दिसंबर को शेष तीन मुकाबले सूरत में खेले जाएंगे। यह श्रृंखला जनवरी 2027 में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी एवं सचिव योगेश बागड़ी ने बताया कि महक नरवासे के लगातार दूसरी बार भारतीय अंडर-19 टीम में स्थान बनाने से राजनांदगांव के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। उनकी उपलब्धि शहर की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी है, जो क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।

प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने कहा कि महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला टीम में लगातार चयन राजनांदगांव के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। महक ने यह साबित किया है कि राजनांदगांव की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं। उनके चयन से शहर की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निश्चित रूप से प्रेरणा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here