० अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत राजनांदगांव नगर निगम को 24&7 जल प्रदाय पायलट परियोजना हेतु मिली 7.36 करोड़ रुपए की स्वीकृति
० नगर निगम नागरिकों को बेहतर, निरंतर एवं भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित : मधुसूदन यादव
राजनांदगांव (दावा)। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के विभागीय आदेश के तहत अमृत मिशन 2.0 योजना अंतर्गत राजनांदगांव शहर में 24&7 जल प्रदाय पायलट परियोजना के लिए 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। महापौर मधुसूदन यादव ने संस्कारधानी के लिए इसे एक अहम उपलब्धि बताते हुए इसकी स्वीकृति पर शहरवासियों की ओर से छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की तत्परता एवं सतत प्रयासों से ही यह प्रशासकीय स्वीकृति अल्प समय में नगर निगम को प्राप्त हो सकी है। महापौर श्री यादव ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत नगर निगम द्वारा शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों— मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी को पायलट क्षेत्र के रूप में चुना गया है। यहां नागरिकों को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल वितरण व्यवस्था, टंकी निर्माण, बोर खनन व स्थापना तथा अधोसंरचना विकास एवं सुदृढ़ीकरण हेतु वृहद स्तर पर कार्य किए जाएंगे।
सभी परिवारों तक पहुंचेगा कार्यशील नल-जल कनेक्शन
अमृत मिशन 2.0 का मुख्य उद्देश्य इन क्षेत्रों को जल-सुरक्षित बनाना तथा सभी परिवारों तक कार्यशील नल-जल आपूर्ति पहुंचाना है। इस परियोजना से मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी क्षेत्र के नागरिकों को नियमित, दबावयुक्त एवं 24 घंटे उपलब्ध जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही जल वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण से जल हानि (लीकेज) में कमी आएगी और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा।
एक्शन प्लान तैयार करने के दिए निर्देश
महापौर ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर और भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा देने के लिए संकल्पित है। सीमावर्ती क्षेत्रों में इस पायलट परियोजना के सफल क्रियान्वयन से भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की व्यवस्था विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के पश्चात महापौर ने निगम आयुक्त एवं विभागीय अमले को परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय बैठक बुलाकर एक्शन प्लान तैयार करने और दायित्व निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर निगम अध्यक्ष टोपेंद्र (पारस) वर्मा, जल कार्य विभाग के प्रभारी पार्षद सुनील साहू, मोहारा पार्षद आलोक श्रोती, हल्दी पार्षद चंद्रकृत साहू, सिंगदई पार्षद मुकेश साहू तथा मोहड़ पार्षद संजय रजक ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडे एवं महापौर मधुसूदन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।




