Home samachar मोहारा मेला की तैयारियां अंतिम चरण में, महापौर मधुसूदन यादव ने लिया...

मोहारा मेला की तैयारियां अंतिम चरण में, महापौर मधुसूदन यादव ने लिया जायजा…

26

० 23 से 25 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन, मेले से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
० पुन्नी स्नान के लिए घाटों की सफाई व अस्थाई चेंजिंग रूम बनाने कहा

राजनांदगांव (दावा)। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 23, 24 एवं 25 नवंबर को तीन दिवसीय मोहारा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला स्थल पर नगर निगम के अमले द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महापौर मधुसूदन यादव ने शनिवार को शिक्षा विभाग के प्रभारी सदस्य आलोक श्रोती, उप नेता प्रतिपक्ष मुकेश साहू, पार्षद संजय रजक व चंद्रकृत साहू के साथ मेला स्थल का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मेले से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर श्री यादव ने तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि मेले से एक दिन पूर्व स्थल की समुचित सफाई, पेयजल के लिए स्टैंड पोस्ट लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सडक़ के दोनों ओर पसरा लगाने के लिए मार्किंग तथा पार्किंग स्थल जैसे महत्वपूर्ण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने शिवनाथ नदी के मोहारा एवं हल्दी घाट की सफाई कराकर पुन्नी स्नान के दौरान महिलाओं की सुविधा के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रात:कालीन स्नान में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने दो दिनों तक संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

जल संयंत्र गृह की सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान जल संयंत्र गृह की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए और वहां किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न हो। पेयजल जैसी अति आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने को कहा, ताकि मेला स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारु रहें और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, सहायक अभियंता श्रीमती ज्योति साहू, प्रभारी उप अभियंता चिराग मेश्राम सहित तकनीकी व स्वास्थ्य अमला उपस्थित था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here