मोहारा क्षेत्र में भारी व मध्यम वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित, जानिए कौन से रास्ते रहेंगे डायवट
राजनांदगांव(दावाा)। आगामी 23 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले मोहारा मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आम नागरिकों के सुगम आवागमन और बेहतर यातायात संचालन के लिए यह नई व्यवस्था 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे से 25 नवंबर को कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के तहत इस निर्धारित अवधि के दौरान मोहारा क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने निम्नलिखित डायवर्सन रूट तय किए हैं:बालोद-धमतरी से आने वाले वाहन: बालोद और धमतरी की ओर से राजनांदगांव आने वाले भारी एवं चार पहिया वाहनों को सुरगी से डायवर्ट किया गया है। ये वाहन मोखला, भर्रेगांव और खुटेरी होते हुए नेशनल हाईवे के रास्ते राजनांदगांव शहर में प्रवेश करेंगे। दल्लीराजहरा की ओर से आने वाले वाहन: दल्लीराजहरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को जेवरतला से डायवर्ट होकर नांदिया और डोंगरगांव के रास्ते राजनांदगांव आना होगा। वहीं, चार पहिया वाहन सिंघोला, करमतरा, मोखला और कोटरासरार होते हुए जंगलपुर के रास्ते राजनांदगांव पहुंच सकेंगे।धमतरी-बालोद जाने वाले वाहन: राजनांदगांव से धमतरी एवं बालोद की ओर जाने वाले सभी वाहन टोलप्लाजा खुटेरी, मोखला और सुरगी मार्ग से होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।दल्लीराजहरा जाने वाले भारी वाहन: राजनांदगांव से दल्लीराजहरा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को डोंगरगांव, नांदिया और जेवरतला मार्ग से होकर गुजरना होगा।यातायात पुलिस ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्सन मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।




