खैरागढ़ (दावा)। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में शुक्रवार, 20 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. राजा बीरेंद्र बहादुर सिंह, स्व. रानी पद्मावती देवी और राजकुमारी इंदिरा देवी सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को गीत-संगीत, नृत्य और कला प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इससे पूर्व अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) डॉ. देवमाईत मिंज ने कुलपति प्रो. लवली शर्मा का तथा संदीप किंडो ने कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) राजन यादव का स्वागत किया।
जनजातीय नायकों का पराक्रम प्रेरणादायी : कुलपति
कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने अपने उद्बोधन में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे महान जनजातीय नायकों के अदम्य साहस एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व और सामूहिकता की अनूठी मिसाल है। जिसे संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। मुख्य वक्ता डॉ. देवमाईत मिंज और प्रो. राजन यादव ने भी जनजातीय संस्कृति के सामाजिक व ऐतिहासिक महत्व पर विचार रखे। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मंडला करमा एवं बैगा नृत्य से हुई। कलाकारों ने मांदर, ढोल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। करमा नृत्य में जहां गोंड जनजातीय परंपरा की झलक दिखी, वहीं पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और चटकोला के साथ प्रस्तुत बैगा नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पारंपरिक गौरा-गौरी गीत और सुआ गीत प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की मिठास घोल दी।
समारोह परिसर में जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गोंडी व भील चित्रकला, पिथोरा कला और बांस शिल्प के माध्यम से जनजातीय कलात्मक विरासत को दर्शाया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन लोकसंगीत विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपशिखा पटेल ने किया। गायन में डॉ. विद्या सिंह राठौर व डॉ. परमानंद पांडेय तथा वादन पक्ष में डॉ. राजकुमार पटेल, डॉ. बिहारी लाल तारम, डॉ. नत्थू लाल तोड़े, रामचंद्र सर्पे, सुखराम साहू, करण, योगेश्वर, सुनील सहित अन्य संगतकारों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।




