राजनांदगांव (दावा)। देश की पोल्ट्री इंडस्ट्री इस समय अपने पिछले 50 वर्षों के सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन (एआईपीबीए) के अध्यक्ष बहादुर अली ने वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि पोल्ट्री फीड के दाम लगभग 15,000 रुपये प्रति टन तक बढ़ जाने से गांव-गांव में पोल्ट्री फार्म बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी और कृषि आंकड़ों के अनुसार देश के हर राज्य में मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन हुआ है और वास्तविकता में किसी तरह की कमी नहीं है। इसके बावजूद सोशल मीडिया और एक स्थापित ट्रेडर लॉबी द्वारा भ्रामक अफवाहें फैलाकर बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा की जा रही है।
मुनाफाखोरी की होड़ में गांव-गांव में गोदाम बनाकर बड़े पैमाने पर मक्का और सोयाबीन की जमाखोरी शुरू हो गई है, जिससे मुर्गी पालन से जुड़े किसानों की आर्थिक स्थिति बिगडऩे लगी है। बढ़ती लागत और महंगाई का सीधा असर अब पोल्ट्री उत्पादन पर पडऩे लगा है। उद्योग के आकलन के अनुसार, फीड संयंत्रों में उत्पादन व मांग 15 से 20 प्रतिशत तक घट गई है और देश के करीब 20 से 25 प्रतिशत पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंदी के कगार पर हैं। चिकन की बिक्री पर किसानों को प्रति किलो 40 से 50 रुपये तक का सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे अप्रैल से अक्टूबर के बीच कंपनियों द्वारा कमाया गया मुनाफा भी खत्म हो गया है।
एसोसिएशन के अनुसार, उत्पादन घटने का सीधा असर आगामी 15 दिसंबर के बाद बाजार में देखने को मिलेगा, जिससे खुदरा बाजार में चिकन 40 से 50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3 से 4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं और खपत में भी गिरावट आएगी। अध्यक्ष बहादुर अली ने यह भी रेखांकित किया कि मक्के की बढ़ती कीमतों की मार केवल पोल्ट्री ही नहीं, बल्कि एथनॉल प्लांट्स पर भी पड़ रही है और कई एथनॉल इकाइयां बंद भी हो चुकी हैं, जो अब अपनी समस्या लेकर सरकार के पास पहुंच रही हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह सोना 2 लाख के स्तर पर पहुंचने के बाद अब सवा लाख पर आ गया है, उसी तरह जनवरी तक मक्का और सोयाबीन के दामों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। इस गंभीर स्थिति से इंडस्ट्री और किसानों को उबारने के लिए बहादुर अली ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार सबसे पहले मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लागू करे, ताकि जमाखोरी पर अंकुश लग सके।
इसके साथ ही उन्होंने मांग रखी कि जिस तरह एथनॉल उत्पादन के लिए सरकार द्वारा रियायत दी जाती है, उसी तर्ज पर सरकार के बफर स्टॉक से करीब 30 लाख टन मक्का और कनकी रियायती दरों पर पोल्ट्री इंडस्ट्री को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका उद्देश्य किसानों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि जमाखोरी रोककर पोल्ट्री और डेयरी उद्योग से जुड़े लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका को बचाना है।




