राजनांदगांव (दावा)। समय पर चेक क्लियरिंग में लापरवाही बरतने और तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर ग्राहक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, राजनांदगांव ने भारतीय स्टेट बैंक को सेवा में कमी का दोषी ठहराया है। आयोग के अध्यक्ष प्रशान्त कुन्डू एवं सदस्य डॉ. आनंद वर्गीस की पीठ ने परिवादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बैंक को चेक की मूल राशि के साथ मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय अदा करने का आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रकरण क्रमांक डीसी/ 388/ सीसी/74/2026 के अनुसार, शांति नगर वार्ड नंबर 04, राजनांदगांव निवासी परिवादी खिलेश्वर सिन्हा ने 18 फरवरी 2026 को भारतीय स्टेट बैंक (शाखा-दिग्विजय स्टेडियम परिसर, राजनांदगांव) में 50,000 रुपये का चेक जमा किया था। बैंक प्रबंधन ने सर्वर और तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए चेक को समय पर क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा। बैंक की इस देरी के कारण चेक की निर्धारित वैधता अवधि समाप्त हो गई और वह ‘इंस्टू्रमेंट आउट डेटेड स्टेट’ की टिप्पणी के साथ बिना भुगतान के वापस लौट आया।
आयोग की सख्त टिप्पणी
मामले की सुनवाई के बाद आयोग ने स्पष्ट किया कि बैंक अपनी आंतरिक तकनीकी समस्याओं या सर्वर डाउन होने के बहाने की आड़ लेकर ग्राहक को होने वाले वित्तीय नुकसान की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। यह बैंक की गंभीर लापरवाही और सेवा में कमी की श्रेणी में आता है।
आयोग का फैसला (आदेश दिनांक 26 नवंबर 2026)
आयोग ने भारतीय स्टेट बैंक को निर्देशित किया है कि वह परिवादी को निम्नलिखित राशि का भुगतान करें।
मूल राशि – चेक की राशि 50,000 रुपये वापस करें। क्षतिपूर्ति एवं खर्च – मानसिक क्षतिपूर्ति के रूप में 5,000 रुपये तथा वाद व्यय के रूप में 5,000 रुपये (स्रह्नल 10,000 रुपये अतिरिक्त) अदा करें।
ब्याज का प्रावधान – आदेश दिनांक 26 नवम्बर 2026 से वास्तविक भुगतान की तिथि तक पूरी राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा। यदि बैंक 45 दिनों के भीतर राशि अदा करने में विफल रहता है, तो ब्याज की दर बढक़र 9 प्रतिशत वार्षिक हो जाएगी।




