लूट की घटना में शामिल दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
राजनांदगांव। बायपास चौक के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति को चाकू दिखाकर मोबाइल एवं नगदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। बता दें कि पुलिस के हत्थे चढ़े उक्त दोनों आरोपी कोतवाली पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। फरार होने के बाद कन्हारपुरी स्थित खंडहर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट के सामान, नगद रकम एवं घटना में प्रयुक्त स्प्रिंगदार चाकू जब्त किया गया है। बताया जाता है कि लूट की घटना में विशाल बांसफोड़ पिता स्व. चंद्रिका बांसफोड़ (उम्र 22 वर्ष), निवासी बैगापारा लखोली, अटल आवास, वार्ड क्रमांक 29 को जेल भेज दिया गया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
आरोपियों ने दो लूट की घटना को दिया अंजाम
कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने बताया कि गत 25 नवंबर की रात्रि लगभग 3:00 बजे प्रार्थी श्रीकांत गुप्ता (उम्र 69 वर्ष), निवासी गोल बाजार सब्जी मंडी अपनी भतीजी की शादी में सुचेता लॉन से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीआईटी बायपास चौक के पास सफेद रंग की स्कूटी में सवार तीन आरोपियों ने अपनी स्कूटी प्रार्थी के वाहन के सामने लगाकर पता पूछने के बहाने उनका मोबाइल मांगा। मोबाइल देने से मना करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनका मोबाइल छीन लिया तथा जेब से लगभग 3,500 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 733/2026, धारा 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज है। इसी तरह प्रार्थी तामेश्वर कुमार साहू, निवासी भर्रेगांव द्वारा 25 नवंबर को ही सुबह 6:00 बजे के आसपास बिजली ऑफिस लखोली के पास अज्ञात आरोपी द्वारा मोबाइल एवं नगदी 700 रुपये को चाकू दिखाकर लूट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 732/2026, धारा 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज है।
प्रकरण की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी अजाक/क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। जिस पर आरोपी विशाल बांसफोड़ तथा विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने मिलकर प्रार्थी से चाकू दिखाकर लूटपाट करना स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों को लूट के प्रकरणों में पहचान एवं पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। इसी दौरान आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं विधि से संघर्षरत बालक पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए, जिसके संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 735/2026, धारा 262, 3(5) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश की जा रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर रवाना की गई। पतासाजी के दौरान आरोपी कन्हारपुरी स्थित खंडहर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
आरोपियों से जब्त किए गए लूट की राशि एवं सामान
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट की रकम 3,200 रुपये, 3 नग मोबाइल कीमती 60,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन कीमती 50,000 रुपये (जुमला कीमती 1,13,200 रुपये) तथा स्प्रिंगदार चाकू जब्त किया गया। बताया जाता है कि आरोपी विशाल बांसफोड़ एवं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध पूर्व में गंभीर अपराध के कई आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। प्रकरण में संगठित रूप से अपराध करने एवं पूर्ववर्ती आपराधिक गतिविधियों के आधार पर विवेचना के दौरान धारा 111 भारतीय न्याय संहिता भी जोड़ी गई है। जब्त चाकू आर्म्स एक्ट की परिधि में पाए जाने पर प्रकरण में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई है। प्रकरण में संलिप्त फरार आरोपी अनुख बांसफोड़ की पतासाजी की जा रही है।



