Home दिल्ली दिल्ली के मुस्तफाबाद में 4 इमारत ढही, चार लोगों की मौत,10 से...

दिल्ली के मुस्तफाबाद में 4 इमारत ढही, चार लोगों की मौत,10 से ज्यादा लोग अब भी मलबे में फंसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…

100
0

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। इलाके में एक इमारत ढह गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत की खबर है। बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर डॉग स्क्वॉड, NDRF और पुलिस की टीमें मौजूद हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।

मौके पर बचाव दल मौजूद

जानकारी के अनुसार, ये हादसा मुस्तफाबाद इलाके के शक्ति विहार में हुआ है। सुबह-सुबह चार मंजिला इमारत ध्वस्त हुई। बिल्डिंग ढहने की खबर सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। ये हादसा कैसे हुआ, अभी तक इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, बाहर निकाले गए 10 लोगों में से 4 की मौत हो गई। बचाव अभियान अभी भी जारी है। हादसे की एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “यहां दो पुरुष और दो बहुएं रहती हैं। सबसे बड़ी बहू के तीन बच्चे हैं, दूसरी बहू के भी तीन बच्चे हैं…अभी हमें कुछ नहीं पता। वे कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।”

क्या बोले फायर अधिकारी?

दिल्ली के डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने कहा, “हमें सुबह करीब 2:50 बजे एक मकान ढहने की सूचना मिली। जब हम मौके पर पहुंचे तो पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।”

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली में मौसम अचानक बदल गया था। रात में भारी बारिश और तूफान आया, जिससे शहर के कई हिस्सों में असर पड़ा।

इससे पहले पिछले हफ्ते दिल्ली के मधु विहार में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई थी। यह घटना मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास हुई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पूर्वी दिल्ली के अडिशनल डिप्टी कमिश्नर विनीत कुमार ने बताया, “हमें शाम करीब 7 बजे एक PCR कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर हमने पाया कि एक छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार धूल भरी आंधी के दौरान गिर गई। एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here