डोंगरगढ़ (दावा)। ग्राम अछोली के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में डोंगरगढ़ पुलिस को 24 घंटे के भीतर सफलता मिली है। आरोपियों और मृतक के मध्य आटो की लाईट ऑख में पडऩे को लेकर विवाद हुआ था। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों द्वारा मिलकर घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, आटो रिक्शा को जप्त किया है। पुलिस द्वारा प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि, कल 2 मई 2025 को डायल 112 से सूचना प्राप्त हुआ कि ग्राम अछोली में प्राथमिक स्कूल के पास रात्रि शादी के पंडाल के पीछे पुराने स्कूल भवन के बरामदे में एक अज्ञात व्यक्ति की खून से लथपथ शव मिलने पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्र.- 189/2025 धारा- 103(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग एवं अति. पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा द्वारा अज्ञात आरोपी पता तलाश हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। जिस पर एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन पर डोंगरगढ़ पुलिस टीम अज्ञात आरोपी का सघन पता तलाश में मुखबिर सूचना मिली कुछ संदिग्ध व्यक्ति जो घटना दिनांक को घटना स्थल के आसपास मौजूद थे, ग्राम कलकसा में राहुल वर्मा के घर के पीछे छिपे हुये हैं, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गये संदेहियों को थाना लाकर बारिकी से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी राहुल वर्मा निवासी ग्राम कलकसा द्वारा अपने अन्य साथी शिवम यादव एवं भास्कर वर्मा निवासी अछोली के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी राहुल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा आटो रिक्षा जप्त किया गया है।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया जुर्म
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा जुर्म करना स्वीकार कर घटना के संबंध में बताया कि दिनांक 02.05.2025 को रात्रि में ग्राम अछोली भास्कर वर्मा के घर पर तीनों दोस्त शराब का सेवन कर घुमने के लिये आटो रिक्शा क्रमांक सीजी-04/के.वाय. 6742 से धुमने निकले जैसे ही स्कूल चौक अछोली के पास पहुंचे तब आटो की लाईट भीमलाल नेताम के चेहरे पर पड़ा आटो के लाईट से चेहरे पर पडऩे के कारण आटो चालक राहुल के साथ वाद-विवाद हुआ जिस पर शिवम यादव एवं भास्कर वर्मा के द्वारा मृतक के हाथ को पकडक़र रखा और राहुल वर्मा के द्वारा अपने आटो में रखे चाकू से भीम लाल के छाती में वार कर घटना से फरार हो गये थे।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ जितेन्द्र वर्मा, उप निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक भूषण चन्द्राकर, आरक्षक कमल कुमार, प्रयांश सिंह, चन्द्रकात सोनी, लक्ष्मी कंवर, आरक्षक योगेश साहू का विशेष योगदान रहा है। पकड़े गए आरोपियों में राहुल वर्मा पिता राज वर्मा उम्र 24 साल निवासी ग्राम-कलकसा, शिवम यादव पिता स्व. डूमन यादव उम्र 21 साल निवासी करवारी एवं भास्कर वर्मा पिता परदेशीराम वर्मा उम्र 31 साल निवासी ग्राम-अछोली शामिल है।



