० निर्माण कार्य मे तेजी लाकर समय सीमा में पूर्ण करने एवं परिसर में सौदर्यीकरण करने के दिए निर्देश
० महापौर ने वर्धमान नगर, पूनम कालोनी मे पैदल घूम कालोनी वासियों से की चर्चा, अधूरी नाली पूर्ण करने कहा
राजनांदगांव (दावा)। महापौर मधुसूदन यादव निगम के तकनीकि अमला के साथ साफ-सफाई एवं निर्माण कार्य देखने आज सुबह वार्ड नं. 19 पहुॅचे। उन्होंने वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा पारख व समाजसेवी सुमित भाटिया के साथ निर्माणाधीन अटल परिसर के अलावा वर्धमान नगर एवं पूनम कालोनी में पैदल घूम कालोनीवासियों से चर्चा किए।
महापौर निर्माणाधीन अटल परिसर का जायजा लेकर परिसर में कराये जाने वाले कार्यो की जानकारी लिए। उप अभियंता तिलक राज धु्रव ने बताया कि बाउण्ड्रीवाल एवं पेडेस्टल का कार्य प्रगति पर है तथा गेट एवं रेलिंग लगाकर विद्युतीकरण किया जायेगा। महापौर श्री यादव ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द पूर्ण किया जाए। अटल जी की आकर्षक प्रतिमा के साथ साथ सौदर्यीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नगरीय क्षेत्र में अटल परिसर का निर्माण करने स्वीकृति प्रदान की गयी है। अत: शासन की मंशानुरूप अटल परिसर का भव्यता के साथ समय सीमा में निर्माण किया जावे।
महापौर श्री यादव ने वर्धमान नगर एवं पूनम कालोनी में पैदल भ्रमण कर कालोनी वासियो से चर्चा किए। उन्होंने कालोनी में समुचित साफ सफाई करने निर्देश दिए। अधूरी नाली देख नाली को पूर्ण करने कहा, जिससे बारिश में पानी भरान की स्थिति निर्मित न हो। इसी प्रकार उन्होंने कालोनी के सुचारू पानी निकासी के लिए नया नाली बनाने प्राक्कलन तैयार करने कहा। उन्होंने तकनीकि अधिकारी से कहा कि वार्ड के कार्यो के लिए प्राथमिकता तय करे और आवश्यक कार्य कराने प्रक्रिया करें तथा स्वीकृत कार्य जल्द प्रारंभ करावे। निरीक्षण के दौरान कालोनीवासी सहित निगम का अमला उपस्थित था।



